रिपोर्टर रोहित मिश्रा रायबरेली
धारा लक्ष्य समाचार पत्र
महराजगंज, रायबरेली। कोतवाली क्षेत्र के ग्राम झलिहा में मंगलवार को उस समय हड़कंप मच गया जब घर में काम कर रही एक महिला फर्राटा पंखे में उतरे करंट की चपेट में आ गई। तेज झटके से महिला जमीन पर गिरकर बेहोश हो गई। घटना के बाद परिजनों में अफरा-तफरी मच गई और आनन-फानन उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र महराजगंज पहुंचाया गया, जहां उसका उपचार जारी है।
जानकारी के अनुसार झलिहा गांव निवासी मोनी पत्नी दीपू यादव घर के अंदर घरेलू कार्य कर रही थीं। इसी दौरान कमरे में चल रहे फर्राटा पंखे को दूसरी जगह रखने के लिए उन्होंने उसे उठाने का प्रयास किया। बताया जाता है कि पंखे में अचानक करंट उतर आया था। जैसे ही महिला ने पंखे को हाथ लगाया, वह तेज करंट की चपेट में आ गई और जोरदार झटका लगने से मौके पर ही बेहोश होकर गिर पड़ी।
महिला की चीख सुनते ही परिवार के लोग दौड़ पड़े। परिजनों ने तत्काल बिजली का कनेक्शन बंद किया और गंभीर हालत में महिला को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र महराजगंज पहुंचाया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार शुरू कर दिया। घटना के बाद पूरे परिवार में दहशत का माहौल बना हुआ है।
परिजनों का कहना है कि पंखे का प्लग विद्युत बोर्ड में लगा हुआ था। आशंका जताई जा रही है कि वायरिंग में खराबी या अर्थिंग की समस्या के चलते पंखे के बॉडी में करंट उतर आया, जिससे यह हादसा हुआ। फिलहाल चिकित्सकों की निगरानी में महिला का उपचार चल रहा है और उसकी हालत पर नजर रखी जा रही है।
