रॉन्ग साइड से आ रहे ट्रक ने मारी भीषण टक्कर, लखनऊ-प्रयागराज हाईवे पर मचा हड़कंप

रिपोर्टर रोहित मिश्रा रायबरेली

धारा लक्ष्य समाचार पत्र

ऊंचाहार, रायबरेली।लखनऊ-प्रयागराज राष्ट्रीय राजमार्ग के बाईपास स्थित नौवनहार के पास सोमवार को दो ट्रकों के बीच हुई भीषण टक्कर से हाईवे पर अफरा-तफरी मच गई। हादसा इतना जबरदस्त था कि दोनों ट्रकों के अगले हिस्से पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए और उनके परखच्चे उड़ गए।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कलकत्ता की ओर जा रहा एक ट्रक रॉन्ग साइड से हाईवे पर दौड़ रहा था। इसी दौरान सामने से हरिद्वार की ओर जा रहे दूसरे ट्रक से उसकी आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई।

टक्कर की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर दौड़ पड़े।स्थानीय लोगों का आरोप है कि रॉन्ग साइड से जा रहे ट्रक का चालक नशे में धुत था, जिसके चलते यह बड़ा हादसा हुआ। दुर्घटना के बाद कुछ समय के लिए हाईवे पर यातायात भी प्रभावित रहा और वाहनों की लंबी कतार लग गई।हालांकि गनीमत रही कि हादसा कितना भी भयावह क्यों न रहा हो, लेकिन इसमें कोई जनहानि नहीं हुई।

दोनों ट्रकों के चालकों को मामूली चोटें आईं और एक बड़ा हादसा टल गया।घटना की सूचना तत्काल डायल-112 और ऊंचाहार कोतवाली पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क किनारे कराकर यातायात सुचारु कराया। पुलिस मामले की जांच-पड़ताल कर आगे की विधिक कार्रवाई में जुटी हुई है।

रॉन्ग साइड ड्राइविंग और कथित नशे की हालत में वाहन संचालन ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Related posts