भाजपा-सपा कार्यकर्ताओं के बीच टकराव की आशंका, बछरावां पुलिस की तत्परता से टला बड़ा विवाद

रिपोर्टर रोहित मिश्रा रायबरेली

धारा लक्ष्य समाचार पत्र

बछरावां/रायबरेली। क्षेत्र में राजनीतिक माहौल उस समय गर्मा गया जब भाजपा और समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ता आमने-सामने आने की स्थिति में पहुंच गए। हालांकि बछरावां पुलिस की सक्रियता और सूझबूझ के चलते संभावित बड़ा विवाद टल गया तथा स्थिति को समय रहते नियंत्रित कर लिया गया।जानकारी के अनुसार भाजपा नेता हरिओम चतुर्वेदी अपने सहयोगियों मनीष गुप्ता, संदीप शुक्ला व अन्य साथियों के साथ क्षेत्र में मौजूद थे।

इसी दौरान किसी बात को लेकर वहां मौजूद समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ता आक्रोशित हो गए और दोनों पक्षों के बीच तनावपूर्ण माहौल बन गया। मौके पर नारेबाजी शुरू होने से स्थिति और संवेदनशील हो गई।घटना की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी श्याम कुमार पाल भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे।

पुलिस ने तत्काल मोर्चा संभालते हुए दोनों पक्षों को अलग किया और हालात को बिगड़ने से रोक दिया। पुलिसकर्मियों ने भाजपा नेता हरिओम चतुर्वेदी एवं उनके साथियों को सुरक्षित स्थान तक पहुंचाया, जिससे किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना नहीं होने पाई।पुलिस की त्वरित कार्रवाई से दोनों दलों के कार्यकर्ताओं के बीच संभावित सीधा टकराव टल गया।

एहतियात के तौर पर क्षेत्र में पुलिस बल तैनात किया गया है और स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में बताई जा रही है। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि कानून-व्यवस्था भंग करने अथवा माहौल खराब करने की कोशिश करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Related posts