हनुमानगढ़ी के पास कुत्ते से टकराई बाइक, गंगाजल लेकर लौट रहे श्रद्धालु घायल।

रिपोर्टर रोहित मिश्रा रायबरेली

धारा लक्ष्य समाचार पत्र

महराजगंज/रायबरेली। मार्ग पर गुरुवार देर रात एक सड़क हादसे में गंगाजल लेकर लौट रहे बुजुर्ग श्रद्धालु गंभीर रूप से घायल हो गए। अचानक सड़क पर आए कुत्ते से बाइक टकराने के बाद अनियंत्रित होकर गिर गई, जिससे श्रद्धालु सड़क पर जा गिरे। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और राहगीरों की मदद से घायल को अस्पताल पहुंचाया गया।

जानकारी के अनुसार बाराबंकी जनपद के असंद्रा थाना क्षेत्र के संगरौरा गांव निवासी 60 वर्षीय राम किशोर अपने साथी रामू के साथ डलमऊ गंगा घाट से जल भरकर बाइक से घर वापस लौट रहे थे। गुरुवार रात करीब नौ बजे जैसे ही उनकी बाइक महराजगंज-रायबरेली मार्ग स्थित हनुमानगढ़ी के पास पहुंची, तभी अचानक एक कुत्ता सड़क पर आ गया।

बाइक कुत्ते से टकरा गई और अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर पड़ी।हादसे में राम किशोर गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना देखकर आसपास के लोग और राहगीर मौके पर पहुंचे तथा घायल को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र महराजगंज पहुंचाया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार कर उनकी स्थिति खतरे से बाहर बताई। उपचार के बाद परिजन उन्हें घर ले गए।

घटना के बाद श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों ने आवारा पशुओं व कुत्तों के कारण बढ़ रहे सड़क हादसों पर चिंता जताई है।

Related posts