रिपोर्टर रोहित मिश्रा रायबरेली
धारा लक्ष्य समाचार पत्र
शिवगढ़/रायबरेली। किसानों को सशक्त और आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए शिवगढ़ विकासखंड के अंतर्गत नवनिर्मित बी-पैक्स ओसाह सहकारी समिति का भव्य उद्घाटन समारोह हर्षोल्लास और गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। उद्घाटन समारोह में बड़ी संख्या में किसानों, जनप्रतिनिधियों एवं सहकारिता विभाग के अधिकारियों की उपस्थिति रही।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिला सहकारी बैंक अध्यक्ष विवेक विक्रम सिंह तथा विशिष्ट अतिथि शिवगढ़ ब्लॉक प्रमुख कुंवर हनुमंत सिंह रहे। कार्यक्रम का आयोजन क्षेत्र के समाजसेवी राकेश त्रिवेदी उर्फ आलू महाराज एवं ग्राम प्रधान मनोज त्रिवेदी द्वारा संयुक्त रूप से कराया गया। अतिथियों ने फीता काटकर एवं दीप प्रज्ज्वलित कर समिति का शुभारंभ किया।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि विवेक विक्रम सिंह ने कहा कि बी-पैक्स समितियां ग्रामीण अर्थव्यवस्था की रीढ़ हैं। उन्होंने कहा कि जिला सहकारी बैंक का उद्देश्य प्रत्येक किसान तक बैंकिंग एवं ऋण सुविधाओं को सरल और सुगम बनाना है, ताकि किसानों को खाद, बीज और कृषि कार्यों के लिए आर्थिक परेशानियों का सामना न करना पड़े।
विशिष्ट अतिथि कुंवर हनुमंत सिंह ने कहा कि ओसाह में समिति के संचालन से क्षेत्र के किसानों को एक ही स्थान पर कृषि ऋण, गुणवत्तापूर्ण खाद एवं उन्नत बीज उपलब्ध हो सकेंगे। उन्होंने इस पहल को किसानों के हित में मील का पत्थर बताते हुए आयोजकों की सराहना की।
कार्यक्रम का संचालन मनोज त्रिपाठी ने किया। उद्घाटन के अवसर पर मुख्य अतिथि एवं विशिष्ट अतिथि ने प्रगतिशील किसानों को सांकेतिक रूप से उन्नत किस्म के बीज एवं खाद के पैकेट वितरित कर सेवाओं की औपचारिक शुरुआत की।
समारोह में सहकारिता विभाग के सहायक आयुक्त एवं सहायक निबंधक विवेक, जिला सहकारी बैंक के महापालक बृजेश विश्वकर्मा, सहायक विकास अधिकारी सहकारिता सुनील सिंह, अभिषेक सिंह तथा समिति सचिव विजय त्रिवेदी सहित अनेक जनप्रतिनिधि, प्रधान, क्षेत्र पंचायत सदस्य, वरिष्ठ नागरिक एवं बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे।
अंत में ग्राम प्रधान मनोज त्रिवेदी ने सभी अतिथियों, अधिकारियों एवं किसानों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि “सशक्त किसान, समृद्ध गांव और मजबूत सहकारिता ही विकास का आधार है।” कार्यक्रम का समापन किसानों के हित में सहकारिता आंदोलन को और मजबूत बनाने के संकल्प के साथ हुआ।
