दुबई में फंसे बेटे की सलामती को तरस रही मां, अभिनेता शाहरुख खान से लगाई मदद की गुहार

रिपोर्टर रोहित मिश्रा रायबरेली

धारा लक्ष्य समाचार पत्र

रायबरेली। शहर कोतवाली क्षेत्र के तिलियाकोट स्थित सुनहरी मस्जिद मोहल्ले में रहने वाली एक विधवा मां पिछले सात महीनों से अपने बेटे की सलामती की खबर पाने के लिए दर-दर की ठोकरें खाने को मजबूर है। बेटे से संपर्क टूटने के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है और मां की आंखें हर पल उसके लौटने की राह निहार रही हैं।

पीड़िता सीमा पत्नी मरहूम मोहम्मद कदीर ने बताया कि उनके पति का करीब दस वर्ष पूर्व निधन हो चुका है। पति के गुजर जाने के बाद उन्होंने बड़ी मुश्किलों से अपने बच्चों का पालन-पोषण किया। परिवार की आर्थिक स्थिति बेहतर करने और घर की जिम्मेदारियां संभालने के उद्देश्य से उनका बेटा आजाद (25 वर्ष) फतेहपुर के एक एजेंट के माध्यम से रोजगार के लिए दुबई गया था।

सीमा का आरोप है कि दुबई पहुंचने के बाद उनका बेटा किसी मामले में फंस गया, जिसके बाद से उसका परिवार से संपर्क पूरी तरह टूट गया। बीते करीब सात महीनों से न तो आजाद का कोई फोन आया है और न ही उसकी कोई जानकारी मिल सकी है। बेटे की खबर न मिलने से मां समेत पूरा परिवार गहरे सदमे में है।मां सीमा ने नम आंखों से बताया कि बेटे की सलामती को लेकर वह हर दिन दुआएं मांग रही हैं। घर में छोटा भाई और बहन भी भाई की याद में परेशान हैं।

परिवार को हर पल इस बात की चिंता सता रही है कि आखिर आजाद किस हाल में है।बेबस मां ने अभिनेता शाहरुख खान से भावुक अपील करते हुए कहा कि यदि उनकी आवाज शाहरुख खान तक पहुंच जाए तो शायद वह किसी तरह उनके बेटे की मदद कर उसे सकुशल भारत वापस लाने में सहयोग कर सकें।

मां की यह मार्मिक गुहार अब लोगों का ध्यान अपनी ओर खींच रही है और परिवार को उम्मीद है कि किसी न किसी माध्यम से उनके बेटे की सुरक्षित वापसी का रास्ता जरूर निकलेगा।

Related posts