डीएम की अध्यक्षता में जनपद स्तरीय गोवंश संरक्षण समिति की बैठक संपन्न।

रिपोर्टर रोहित मिश्रा रायबरेली

धारा लक्ष्य समाचार पत्र

रायबरेली।जिलाधिकारी सरनीत कौर ब्रोका की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में जनपद स्तरीय गोवंश संरक्षण एवं संवर्धन मूल्यांकन समिति तथा विभागीय योजनाओं की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनपद में संचालित समस्त अस्थायी एवं स्थायी गो-आश्रय स्थलों, वृहद गो-संरक्षण केन्द्रों तथा कान्हा उपवनों में संरक्षित निराश्रित एवं बेसहारा गोवंशों के भरण-पोषण तथा गो-आश्रय स्थलों की व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा की गई।

जिलाधिकारी ने गोवंशों के लिए पर्याप्त हरे चारे की उपलब्धता सुनिश्चित करने हेतु गो-आश्रय स्थलों से सम्बद्ध टैग्ड भूमि पर हरा चारा उत्पादन कराने तथा किसानों से हरा चारा उपलब्ध कराने के लिए अनुबंध किए जाने के निर्देश दिए। उन्होंने गो-आश्रय स्थलों में आवश्यक मूलभूत सुविधाओं एवं अवस्थापना संबंधी व्यवस्थाओं को बेहतर बनाए रखने पर भी विशेष जोर दिया।

निर्माणाधीन वृहद गो-संरक्षण केन्द्रों की प्रगति की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने संबंधित कार्यदायी संस्थाओं को निर्माण कार्यों में तेजी लाते हुए कार्य शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी गोशालाओं से सम्बद्ध चारागाह भूमि को कब्जा मुक्त कराने तथा उसका उपयोग गोवंशों के लिए चारे की व्यवस्था में किए जाने के निर्देश भी दिए।

जिलाधिकारी ने राजमार्गों एवं उनके आसपास के क्षेत्रों में घूम रहे निराश्रित एवं बेसहारा गोवंशों को अभियान चलाकर गो-आश्रय स्थलों में संरक्षित कराने के निर्देश दिए। साथ ही शासन द्वारा विभिन्न संस्थाओं को आवंटित गोशालाओं के समुचित प्रबंधन एवं संचालन की भी समीक्षा की गई तथा संबंधित अधिकारियों को व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने के निर्देश दिए गए।

बैठक के दौरान वर्तमान में संचालित एफएमडी एवं एलएसडी टीकाकरण अभियान की भी समीक्षा की गई।जिलाधिकारी ने शेष गोवंशों का समयबद्ध टीकाकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसके अतिरिक्त नन्द बाबा दुग्ध मिशन के अंतर्गत नन्दिनी एवं मिनी नन्दिनी कृषक समृद्धि योजनाओं में पात्र लाभार्थियों को अनुदान की धनराशि उपलब्ध कराने से संबंधित पत्रावलियों को अग्रिम कार्यवाही हेतु शीघ्र प्रेषित करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।

इसके मौके पर मुख्य विकास अधिकारी अंजुलता, अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) सिद्धार्थ, उपायुक (श्रम रोजगार) प्रमोद सिंह, परियोजना निदेशक डीआरडीए मुनेश चंद्र, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ० कुलदीप द्विवेदी सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Related posts