रिपोर्टर रोहित मिश्रा रायबरेली
धारा लक्ष्य समाचार पत्र
महराजगंज/रायबरेली। थाना क्षेत्र के केक्केपुर बेलवा गांव में एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत से इलाके में सनसनी फैल गई। परिजनों के अनुसार युवक की तबीयत अचानक बिगड़ने लगी और उसे खून की उल्टियां होने लगीं। गंभीर हालत में उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। घटना को लेकर गांव में तरह-तरह की चर्चाएं हैं।
जानकारी के मुताबिक दिलीप कुमार (32 वर्ष) पुत्र निवासी केक्केपुर बेलवा हरियाणा में टावर लाइन का कार्य करता था। करीब दो माह पूर्व वह अपने गांव लौटा था और हलोर स्थित परिवार के मुर्गी फार्म पर रहकर देखरेख कर रहा था। शुक्रवार देर रात अचानक उसकी तबीयत बिगड़ गई। परिजनों ने बताया कि उसे खून की उल्टियां होने लगीं, जिसके बाद आनन-फानन में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, लेकिन चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं गांव में भी शोक और चर्चा का माहौल बना हुआ है। मौत के कारणों को लेकर अभी स्थिति स्पष्ट नहीं हो सकी है। प्रारंभिक तौर पर जहरीला पदार्थ खाने की आशंका जताई जा रही है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मृतक के भाई संदीप ने बताया कि दिलीप पिछले कुछ समय से गांव में रहकर परिवार के कार्यों में सहयोग कर रहा था और उसकी अचानक हुई मौत से पूरा परिवार सदमे में है।कोतवाल जगदीश यादव ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। रिपोर्ट एवं जांच के आधार पर आगे की आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।
