रिपोर्टर रोहित मिश्रा रायबरेली
धारा लक्ष्य समाचार पत्र
रायबरेली। आगामी 2 अक्टूबर को राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती को जनपद में गरिमापूर्ण, हर्षोल्लास एवं सादगी के साथ मनाने के लिए जिलाधिकारी सरनीत कौर ब्रोका ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए हैं। कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित बैठक में डीएम ने कहा कि दोनों महान विभूतियों के आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाने के लिए सभी कार्यक्रम प्रभावी एवं प्रेरणादायी ढंग से आयोजित किए जाएं।
डीएम ने निर्देश दिए कि 1 अक्टूबर को शहीद स्थलों एवं महापुरुषों की प्रतिमाओं के आसपास विशेष साफ-सफाई अभियान चलाया जाए। 2 अक्टूबर को सभी शासकीय एवं सार्वजनिक भवनों पर राष्ट्रीय ध्वज फहराया जाएगा तथा कार्यालयों में महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री के चित्रों पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की जाएगी।
कार्यक्रमों में गांधी जी के प्रिय भजनों का गायन, दोनों महान नेताओं के जीवन-दर्शन पर प्रकाश तथा राष्ट्रीय एकता, अखंडता, स्वच्छता, अहिंसा, भाईचारा और सर्वधर्म समभाव का संदेश दिया जाएगा।
बैठक में ग्रामीण एवं नगरीय क्षेत्रों में विशेष स्वच्छता अभियान चलाने, शहीद स्थलों पर गरिमापूर्ण कार्यक्रम आयोजित करने तथा सभी विभागों को समय से तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए गए। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी अंजुलता, एडीएम प्रशासन सिद्धार्थ, एडीएम वित्त एवं राजस्व सहदेव मिश्र, एएसपी आलोक सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
