रिपोर्टर रोहित मिश्रा रायबरेली
धारा लक्ष्य समाचार पत्र
रायबरेली, 01 अक्टूबर 2026। जिलाधिकारी सरनीत कौर ब्रोका ने कंपोजिट विद्यालय चक अहमदपुर से विशेष संचारी रोग नियंत्रण एवं दस्तक अभियान का रैली को हरी झंडी दिखाकर शुभारंभ किया। इस दौरान लोगों को साफ-सफाई एवं स्वच्छता का संकल्प दिलाया गया।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि 01 से 31 अक्टूबर तक विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान तथा 12 से 31 अक्टूबर तक दस्तक अभियान को पूरी गंभीरता से संचालित किया जाए। स्वास्थ्य, नगर विकास, पंचायती राज, ग्राम्य विकास, पशुपालन, शिक्षा, बाल विकास, कृषि, सिंचाई, उद्यान सहित संबंधित विभाग आपसी समन्वय से अभियान को सफल बनाएंगे।
उन्होंने कहा कि आशा एवं आंगनबाड़ी कार्यकर्ता घर-घर जाकर बुखार, इन्फ्लुएंजा लाइक इलनेस, फाइलेरिया, कालाजार, क्षय रोग के लक्षण वाले मरीजों और कुपोषित बच्चों की जानकारी जुटाएंगी। साथ ही साफ-सफाई, एंटी लार्वा छिड़काव, फॉगिंग, नालियों की सफाई, जलभराव रोकने और तालाबों के आसपास सफाई पर विशेष जोर दिया जाएगा।
प्रभारी सीएमओ डॉ. अरविंद कुमार ने बताया कि अभियान में 361 एएनएम, 2724 आशा कार्यकत्री और 2443 आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को लगाया गया है। जिलाधिकारी ने अभियान की साप्ताहिक समीक्षा करने तथा लापरवाही मिलने पर कार्रवाई की चेतावनी दी।
