धारा लक्ष्य समाचार पत्र
रिपोर्टर रोहित मिश्रा रायबरेली
रायबरेली। प्रशासन की संवेदनशीलता और त्वरित कार्रवाई से एक जरूरतमंद दिव्यांग दंपति को बड़ी राहत मिली है। बेटी की शादी के बाद करीब दो लाख रुपये के कर्ज से परेशान सावित्री देवी और उनके पति सीताराम की जमीन बंटवारे की समस्या का समाधान हो गया। एसडीएम सदर गौतम सिंह की पहल पर महज तीन महीने के भीतर मुकदमे का निस्तारण कर अंतिम डिक्री पारित कर दी गई।
मामला सदर तहसील के राजस्व ग्राम बरवारीपुर का है। जानकारी के अनुसार, बेटी की शादी के बाद आर्थिक तंगी से जूझ रहे दंपति के सामने कर्ज चुकाने की चुनौती थी। जमीन का बंटवारा न होने के कारण उसे बेचने में भी परेशानी आ रही थी। इसी समस्या को लेकर जुलाई में सावित्री देवी अपने बेटे के साथ एसडीएम सदर गौतम सिंह से मिलीं और अपनी पीड़ा बताई।
एसडीएम ने दंपति की समस्या को गंभीरता से लेते हुए अधिवक्ता के माध्यम से जमीन बंटवारे का मुकदमा दायर कराया। मामले के निस्तारण के लिए लगातार प्रयास किए गए। शुक्रवार को मुकदमे में अंतिम डिक्री पारित कर दी गई, जिससे दंपति को बड़ी राहत मिली।समस्या का समाधान होने पर भावुक हुईं सावित्री देवी लंबे समय से चली आ रही परेशानी दूर होने पर सावित्री देवी भावुक हो गईं।
उन्होंने एसडीएम गौतम सिंह के प्रति आभार जताते हुए उनके दीर्घायु होने की कामना की। प्रशासन की इस पहल से जरूरतमंद परिवार को राहत मिलने की चर्चा रही।
