धारा लक्ष्य समाचार पत्र
रिपोर्टर रोहित मिश्रा रायबरेली
गदागंज /रायबरेली। पत्नी को लेने ससुराल पहुंचे एक युवक पर उसके साले द्वारा लोहे की रॉड से हमला किए जाने का मामला सामने आया है। बृहस्पतिवार की रात बड़ी गढ़ी मजरे दीनशाह गौरा में हुए विवाद में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। पीड़ित ने गदागंज थाने में तहरीर देकर आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
जानकारी के मुताबिक, बांदा जिले के जमालपुर थाना क्षेत्र के पचनेही गांव निवासी पंकज सिंह पुत्र राम अवध ने बताया कि करीब चार वर्ष पहले उसने श्वेता से प्रेम विवाह किया था। इन दिनों उसकी पत्नी मायके में रह रही थी। बृहस्पतिवार रात करीब नौ बजे पंकज अपनी पत्नी को लेने ससुराल पहुंचा था।
पीड़ित का आरोप है कि वह अपनी पत्नी से बातचीत कर रहा था, तभी उसका साला निर्भय राय पुत्र रामू राय वहां पहुंच गया। आरोप है कि निर्भय ने उसके साथ गाली-गलौज शुरू कर दी। विवाद बढ़ने पर उसने लोहे की रॉड से पंकज के सिर पर हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना के बाद पीड़ित ने गदागंज थाने पहुंचकर लिखित तहरीर दी और कार्रवाई की मांग की।थाना प्रभारी ने कही जांच की बात गदागंज थाना प्रभारी बालेन्दु गौतम ने बताया कि पीड़ित की तहरीर प्राप्त हो गई है। मामले की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
