सदर विधायक अदिति सिंह ने अधिकारियों के साथ की समीक्षा बैठक, विकास कार्यों में तेजी लाने के दिए निर्देश।

धारा लक्ष्य समाचार पत्र

रिपोर्टर रोहित मिश्रा रायबरेली

रायबरेली। सदर विधायक अदिति सिंह ने आज निरीक्षण भवन, रायबरेली में लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी), सिंचाई विभाग, नगर पालिका परिषद एवं डूडा विभाग के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर विभिन्न विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। बैठक में जनसुविधाओं से जुड़े कार्यों को समयबद्ध ढंग से पूरा करने और निर्माण कार्यों में तेजी लाने पर विशेष जोर दिया गया।

सदर विधायक अदिति सिंह ने नगर पालिका क्षेत्र की सड़कों को जल्द से जल्द गड्ढामुक्त करने के निर्देश दिए, ताकि आम नागरिकों को आवागमन में परेशानी का सामना न करना पड़े। वहीं, सिंचाई विभाग के अधिकारियों को सिल्ट सफाई के कार्य में तेजी लाने तथा डूडा विभाग की प्रस्तावित परियोजनाओं को निर्धारित समयसीमा के भीतर पूरा कराने के निर्देश दिए।

बैठक के दौरान उन्होंने अधिकारियों से विकास कार्यों की नियमित निगरानी करने और जनसमस्याओं के समाधान को प्राथमिकता देने पर जोर दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि जनसुविधाओं में सुधार तथा विकास कार्यों को समय पर पूरा कराना प्राथमिकता है, जिससे आम जनता को योजनाओं का लाभ मिल सके।

सदर विधायक अदिति सिंह ने संबंधित विभागों के अधिकारियों से अपेक्षा की कि वे आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए विकास कार्यों को गति दें और जनहित से जुड़े मामलों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करें।

Related posts