पुलिस कप्तान के निर्देश भी बेअसर! एक माह से न्याय के लिए भटक रही महिला

तीन बार थाना, दो बार संपूर्ण समाधान दिवस और दो बार एसपी से लगाई गुहार, फिर भी कार्रवाई शून्य।

धारा लक्ष्य समाचार पत्र

रिपोर्टर रोहित मिश्रा रायबरेली

रायबरेली।भदोखर थाना क्षेत्र में एक महिला न्याय के लिए करीब एक माह से अधिकारियों के चक्कर काट रही है, लेकिन उसकी शिकायत का निस्तारण नहीं हो सका है। पीड़िता का आरोप है कि वह तीन बार थाने, दो बार संपूर्ण समाधान दिवस और दो बार पुलिस अधीक्षक से शिकायत कर चुकी है। इसके बावजूद समस्या जस की तस बनी हुई है। ऐसे में स्थानीय पुलिस की कार्यशैली और उच्चाधिकारियों के निर्देशों के अनुपालन पर सवाल खड़े हो रहे हैं।

मामला भैदपुर गांव का है। गांव निवासी संगीता पत्नी संजय गौतम का आरोप है कि उनके घर के सामने स्थित उनकी जमीन पर पड़ोसी किशोर मौर्य और राजाराम ने पाइप डाल रखा है। महिला का कहना है कि जमीन पर कब्जे की नीयत से पाइप डाला गया है।

इस संबंध में उन्होंने कई बार भदोखर पुलिस से शिकायत की, लेकिन सुनवाई नहीं हुई।पीड़िता के मुताबिक, न्याय की उम्मीद लेकर वह पुलिस अधीक्षक के पास पहुंचीं। आरोप है कि एसपी ने भी भदोखर पुलिस को फोन कर मामले में कार्रवाई के निर्देश दिए, लेकिन इसके बावजूद समस्या का समाधान नहीं हुआ।

सवालों के घेरे में स्थानीय पुलिस की कार्यशैली एक ही मामले में बार-बार शिकायत किए जाने के बावजूद निस्तारण न होने से पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं। पीड़िता का कहना है कि न्याय की आस में उनका समय और पैसा दोनों खर्च हो रहे हैं, लेकिन राहत नहीं मिल रही।

जमीन से जुड़े विवादों के निस्तारण के लिए पुलिस और राजस्व विभाग के समन्वय की व्यवस्था है। ऐसे में सवाल है कि शिकायत पर अब तक क्या कार्रवाई हुई और पीड़िता को राहत क्यों नहीं मिल सकी? फिलहाल महिला न्याय की उम्मीद में अधिकारियों के चक्कर काटने को मजबूर है।

Related posts