धारा लक्ष्य समाचार पत्र
जिला संवाददाता शफीक अहमद सीतापुर
सीतापुर। शहर की दाल मंडी में शनिवार सुबह दुकान के मालिकाना हक और कब्जे को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हो गया। देखते ही देखते विवाद मारपीट में बदल गया। घटना में बबलू राठौर की मौत हो गई, जबकि छोटू राठौर गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी।
पुलिस का आरोप: सीओ नगर विनय कुमार यादव के मुताबिक, दाल मंडी में एक दुकान के मालिकाना हक और कब्जे को लेकर दोनों पक्षों के बीच पुराना पारिवारिक विवाद चल रहा था। पुलिस के अनुसार, रेनू राठौर, उसकी मां कमलेश और भाई रविंद्र ने बबलू राठौर व छोटू राठौर पर लोहे की रॉड और लाठी से हमला किया। हमले में गंभीर चोट लगने से बबलू की मौत हो गई, जबकि छोटू घायल हो गए।
परिजनों के आरोप: मृतक के परिजनों ने भी दुकान के विवाद को घटना की वजह बताया है। उनका आरोप है कि बबलू और छोटू के साथ कुछ लोगों ने मारपीट की। परिजनों ने बबला, कल्लू, अम्मा और रेनू समेत कई लोगों के नाम लिए हैं। हालांकि, परिजनों द्वारा बताए गए सभी नामों और उनकी भूमिका की पुष्टि अभी नहीं हुई है। इस संबंध में पुलिस की जांच जारी है।
अस्पताल में बबलू को मृत घोषित किया गया: इमरजेंसी डॉक्टर के मुताबिक, बबलू को अस्पताल मृत अवस्था में लाया गया था। छोटू के सिर में गहरी चोट और हाथ में फ्रैक्चर है। डॉक्टर ने उनकी हालत गंभीर बताई है। उनका उपचार किया जा रहा है।
दो गिरफ्तार, तीसरे की तलाश: सीओ नगर ने बताया कि पुलिस ने रेनू राठौर और उसकी मां कमलेश को गिरफ्तार कर लिया है। तीसरे आरोपी रविंद्र राठौर की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें दबिश दे रही हैं। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
