त्योहारों को लेकर आईजी ने परखी सीतापुर की कानून-व्यवस्था

नैमिषारण्य में समीक्षा बैठक कर दिए निर्देश, मां ललिता देवी मंदिर, चक्रतीर्थ और घाटों का किया निरीक्षण

धारा लक्ष्य समाचार

जिला संवाददाता शफीक अहमद

सीतापुर। आगामी दुर्गा पूजा, दशहरा और दीपावली के मद्देनजर पुलिस महानिरीक्षक, लखनऊ परिक्षेत्र किरण एस. ने शनिवार को सीतापुर पहुंचकर कानून-व्यवस्था और अपराध नियंत्रण की समीक्षा की। नैमिषारण्य क्षेत्र में राजपत्रित अधिकारियों के साथ बैठक कर उन्होंने त्योहारों को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

समीक्षा बैठक में दुर्गा पूजा के दौरान स्थापित होने वाली प्रतिमाओं, विसर्जन जुलूसों और स्थायी व अस्थायी विसर्जन स्थलों की सुरक्षा व्यवस्था पर चर्चा की गई। आईजी ने संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात करने और लगातार निगरानी रखने के निर्देश दिए। साथ ही, आपसी सौहार्द बनाए रखने के लिए समय से पीस कमेटी की बैठकें आयोजित करने पर जोर दिया।

बैठक के बाद आईजी ने अमावस्या और आगामी शारदीय नवरात्रि के मद्देनजर मां ललिता देवी मंदिर पहुंचकर सुरक्षा तैयारियों का जायजा लिया। इसके बाद चक्रतीर्थ, राजघाट कॉरिडोर, देव देवेश्वर घाट और सीसीटीवी कक्ष का निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त रखने और आवश्यक प्रबंध समय से पूरा करने के निर्देश दिए।

इस दौरान जिलाधिकारी डॉ. राजा गणपति आर., पुलिस अधीक्षक अंकुर अग्रवाल, अपर पुलिस अधीक्षक दक्षिणी दुर्गेश कुमार सिंह, क्षेत्राधिकारी मिश्रिख विशाल गुप्ता, थानाध्यक्ष नैमिषारण्य सहित पुलिस और प्रशासन के अधिकारी मौजूद रहे।

Related posts