धारा लक्ष्य समाचार पत्र
रिपोर्टर रोहित मिश्रा रायबरेली
रायबरेली। बाढ़ और अतिवृष्टि की मार झेल रहे किसानों को राहत पहुंचाने के लिए रायबरेली में कृषि निवेश अनुदान राहत सहायता वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश सरकार के राज्यमंत्री दिनेश प्रताप सिंह मौजूद रहे। इस दौरान प्राकृतिक आपदा से फसल गंवाने वाले किसानों को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की पहल की गई, ताकि उन्हें नुकसान से उबरने में मदद मिल सके।
कार्यक्रम में राज्यमंत्री दिनेश प्रताप सिंह ने बताया कि नदियों और नालों में बाढ़ का पानी आने तथा अत्यधिक बारिश के कारण किसानों की फसलों को भारी नुकसान पहुंचा है। ऐसे प्रभावित किसानों को कृषि निवेश अनुदान के माध्यम से राहत राशि दी जा रही है, जिससे किसान अपनी खेती-किसानी को दोबारा पटरी पर ला सकें।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर प्रदेश के सभी 75 जिलों में प्राकृतिक आपदा से प्रभावित किसानों को राहत सहायता वितरित की जा रही है। सरकार का प्रयास है कि संकट की इस घड़ी में किसानों को आर्थिक संबल मिले और उन्हें फसल बर्बादी के कारण उत्पन्न परेशानियों से राहत मिल सके।
राज्यमंत्री ने बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी कार्यक्रम से लाइव जुड़कर किसानों से संवाद करेंगे। राहत सहायता वितरण को आपदा प्रभावित किसानों तक आर्थिक मदद पहुंचाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।
