धारा लक्ष्य समाचार पत्र
रिपोर्टर रोहित मिश्रा रायबरेली
महराजगंज, रायबरेली। चंदापुर थाना क्षेत्र के जनई गांव में रविवार देर रात शराब के नशे में चाचा-भतीजे के बीच हुआ विवाद दर्दनाक घटना में बदल गया। कहासुनी के बाद हुई हाथापाई में भतीजे ने अपने 50 वर्षीय चाचा को धक्का दे दिया। जमीन पर गिरने के दौरान सिर में ईंट लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गए। परिजन उन्हें अस्पताल लेकर जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई।
घटना के बाद गांव में हड़कंप मच गया।मृतक की पहचान नरसिंह उर्फ ददन सिंह के रूप में हुई है। बताया जाता है कि उनकी कोई संतान नहीं थी और करीब 20 वर्ष पहले उनकी पत्नी भी उन्हें छोड़कर चली गई थी। वह अपने भतीजे रौनक सिंह उर्फ खटका के साथ रहते थे।
जानकारी के मुताबिक, रविवार रात करीब 11 बजे दोनों के बीच शराब के नशे में किसी बात को लेकर कहासुनी शुरू हुई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और मामला हाथापाई तक पहुंच गया। इसी दौरान भतीजे ने चाचा को धक्का दे दिया। जमीन पर गिरने से नरसिंह के सिर में गंभीर चोट लग गई, जिसके चलते उनकी जान चली गई।सोमवार सुबह घटना की सूचना पुलिस को दी गई।
चंदापुर थाना प्रभारी राजीव सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। परिजनों की शिकायत के आधार पर मामले की जांच करते हुए आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
