उपस्थिति पंजिका में 118 छात्र दर्ज, मौके पर मिले सिर्फ 67; प्रधानाध्यापक का वेतन रोका

बीएसए के निरीक्षण में तीन परिषदीय विद्यालयों में मिलीं खामियां, सात दिन में मांगा स्पष्टीकरण

धारा लक्ष्य समाचार

जिला संवाददाता शफीक

सीतापुर। सिधौली विकासखंड के तीन परिषदीय विद्यालयों में सोमवार को जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी डॉ. गोरखनाथ पटेल के आकस्मिक निरीक्षण में छात्र उपस्थिति, अभिलेखों के रखरखाव और साफ-सफाई में कमियां सामने आईं। प्राथमिक विद्यालय गन्धौली में उपस्थिति पंजिका और मौके पर मौजूद विद्यार्थियों की संख्या में 51 का अंतर मिलने पर प्रधानाध्यापक/प्रभारी प्रधानाध्यापक का अक्टूबर माह का वेतन अवरुद्ध कर दिया गया।

प्राथमिक विद्यालय गन्धौली में 162 विद्यार्थी नामांकित हैं। निरीक्षण के दौरान उपस्थिति पंजिका में 118 विद्यार्थियों की उपस्थिति दर्ज मिली, जबकि भौतिक सत्यापन में केवल 67 विद्यार्थी ही उपस्थित पाए गए। इस प्रकार अभिलेखों में दर्ज उपस्थिति और मौके पर मिली वास्तविक उपस्थिति में 51 विद्यार्थियों का अंतर सामने आया। इसके अतिरिक्त स्टॉक पंजिका अधूरी मिली और साफ-सफाई भी संतोषजनक नहीं पाई गई। इन कमियों के आधार पर संबंधित प्रधानाध्यापक/प्रभारी प्रधानाध्यापक का अक्टूबर माह का वेतन अवरुद्ध करते हुए स्पष्टीकरण मांगा गया है।

उच्च प्राथमिक विद्यालय गन्धौली में 121 नामांकित विद्यार्थियों के सापेक्ष 48 उपस्थित मिले। यहां स्टॉक पंजिका अधूरी और साफ-सफाई असंतोषजनक पाई गई। वहीं, प्राथमिक विद्यालय जयराम नगर में 84 नामांकित विद्यार्थियों के सापेक्ष 47 विद्यार्थी उपस्थित मिले। यहां तीन कर्मचारियों के नाम के सामने उपस्थिति पंजिका में पदनाम दर्ज नहीं था। विद्यालय की रंगाई-पुताई और साफ-सफाई भी संतोषजनक नहीं मिली।

बीएसए ने तीनों विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों/प्रभारी प्रधानाध्यापकों को कमियों का तत्काल नियमानुसार निराकरण कराने और सात दिन के भीतर साक्ष्यों एवं फोटोग्राफ सहित स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं। कम छात्र उपस्थिति को देखते हुए शिक्षकों को विद्यार्थियों के घर जाकर अभिभावकों से संपर्क करने तथा बच्चों को नियमित रूप से विद्यालय भेजने के लिए प्रेरित करने को भी कहा गया है।

Related posts