धारा लक्ष्य समाचार पत्र
रिपोर्टर रोहित मिश्रा रायबरेली
गुरबक्शगंज/रायबरेली। पुलिस की तत्परता और मिशन शक्ति टीम के अथक प्रयासों से सरकारी अस्पताल जतुवा टप्पा से लापता हुआ नौ वर्षीय बालक महज डेढ़ घंटे में सकुशल बरामद कर लिया गया। बच्चे के मिलने से परिजनों ने राहत की सांस ली और पुलिस टीम का आभार जताया।जानकारी के मुताबिक, मंगलवार 13 अक्टूबर 2026 को डायल 112 पर आयूब पुत्र मोहम्मद इब्राहिम निवासी खगियाखेड़ा, मजरे कोनसा ने सूचना दी कि नौ वर्षीय शीलू उर्फ सुशील अपनी बहन सोनी के साथ कुत्ते के काटने का इंजेक्शन लगवाने सरकारी अस्पताल जतुवा टप्पा गया था।
इसी दौरान शीलू अचानक कहीं भटक गया और काफी तलाश के बाद भी उसका पता नहीं चल सका।सूचना मिलते ही थाना गुरबक्शगंज की मिशन शक्ति टीम सक्रिय हो गई। पुलिसकर्मियों ने अस्पताल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और स्थानीय लोगों से पूछताछ कर बालक की तलाश शुरू की। टीम की लगातार कोशिशों के बाद लापता बालक को थाना गुरबक्शगंज क्षेत्र के ग्राम मलिकमऊ से सकुशल बरामद कर लिया गया।
डेढ़ घंटे के भीतर बच्चे की सकुशल बरामदगी से परिजनों ने राहत महसूस की और पुलिस की सराहना की। इस सराहनीय कार्य में उपनिरीक्षक सत्येंद्र सिंह, आरक्षी आकाश यादव, आरक्षी जितेंद्र यादव, महिला आरक्षी प्रीति शुक्ला और महिला आरक्षी खुशबू की अहम भूमिका रही।
