धारा लक्ष्य समाचार पत्र
रिपोर्टर रोहित मिश्रा रायबरेली
रायबरेली। मिल एरिया थाना क्षेत्र के उमराव खेड़ा गांव में करीब 80 वर्षीय बुजुर्ग को कथित तौर पर बंधक बनाकर उनकी जमीन अपने नाम कराने के प्रयास का मामला सामने आया है। पीड़ित के पुत्र मनोज कुमार ने पुलिस अधीक्षक को प्रार्थना पत्र देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई और परिवार की सुरक्षा की मांग की है।शिकायती पत्र के अनुसार, मनोज कुमार के पिता दीनदयाल को 8 अक्टूबर 2026 की सुबह करीब सात बजे गांव के राजेश कुमार, रमेश कुमार और वीरेंद्र पर जबरन अपने घर ले जाकर बंधक बनाने का आरोप लगाया गया है।
पीड़ित परिवार का आरोप है कि बुजुर्ग पर मानसिक और शारीरिक दबाव बनाकर गाटा संख्या 71 व 64 समेत अन्य संपत्ति का बैनामा या दानपत्र कराने का प्रयास किया जा रहा है।इसके अलावा, मनोज कुमार ने अपने भाई के करीब 17 वर्षीय बेटे को शादी का झांसा देकर बहला-फुसलाकर ले जाने और उसे भी अवैध रूप से रोककर रखने का आरोप लगाया है।
पीड़ित ने पुलिस अधीक्षक से बुजुर्ग और किशोर को सुरक्षित बरामद कराने, आरोपों की जांच कर प्राथमिकी दर्ज करने तथा परिवार की जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है। मामले में आरोपों की आधिकारिक पुष्टि और पुलिस कार्रवाई की जानकारी सामने आना बाकी है।
