धारा लक्ष्य समाचार पत्र
रिपोर्टर रोहित मिश्रा रायबरेली
सरेनी/रायबरेली।मां दुर्गा की प्रतिमा विसर्जन कर घर लौट रहे श्रद्धालुओं के लिए मंगलवार का दिन हादसे में बदल गया। सरेनी-लालगंज मुख्य मार्ग पर सिटकिहा बाबा मंदिर के पास इंडेन गैस गोदाम के नजदीक ट्रैक्टर पर बंधा झंडा हाईटेंशन विद्युत लाइन के संपर्क में आ गया। देखते ही देखते ट्रैक्टर सवार चार श्रद्धालु करंट की चपेट में आकर गंभीर रूप से झुलस गए।
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।जानकारी के मुताबिक, ठंगैचा गांव निवासी मोहित पुत्र सुरेश, राजेश्वरी पत्नी जितेंद्र, अनुज पुत्र रमेश और शिखा पत्नी पृथ्वीराज संवरैया नदी में मां दुर्गा की प्रतिमा विसर्जित कर ट्रैक्टर से घर लौट रहे थे। इसी दौरान ट्रैक्टर पर स्टील के पोल में बंधा झंडा ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन लाइन से छू गया ।
और चारों श्रद्धालु करंट की चपेट में आ गए।घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) सरेनी पहुंचाया गया। सीएचसी अधीक्षक डॉ. शुभम सिंह के अनुसार, मोहित, राजेश्वरी और अनुज की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया, जबकि शिखा को प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया गया।
हादसे ने त्योहार की खुशियों के बीच परिवारों को चिंता में डाल दिया।
