धारा लक्ष्य समाचार पत्र
रिपोर्टर रोहित मिश्रा रायबरेली
रायबरेली। आगामी त्योहारों और पीईटी परीक्षा को सकुशल एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए रायबरेली पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गई है। शुक्रवार को पुलिस अधीक्षक रवि कुमार ने भारी पुलिस बल के साथ शहर के प्रमुख चौराहों, बाजारों, बस स्टेशन और रेलवे स्टेशन का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को सतर्कता के साथ ड्यूटी करने के निर्देश दिए।
एसपी ने बाजारों में स्थानीय दुकानदारों से बातचीत कर सुरक्षा संबंधी समस्याओं की जानकारी ली और उन्हें पुलिस की ओर से हर संभव सुरक्षा का भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा कि त्योहारों के दौरान बाजारों और सार्वजनिक स्थानों पर विशेष सतर्कता बरती जाए, ताकि आमजन को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
इसके साथ ही आगामी पीईटी परीक्षा को देखते हुए परीक्षार्थियों के आवागमन, परीक्षा केंद्रों के आसपास सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन और महिला सुरक्षा को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
उन्होंने पुलिसकर्मियों को मुस्तैदी से ड्यूटी निभाने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए।निरीक्षण के दौरान एएसपी पवन गौतम, सीओ सिटी आशीष निगम, शहर कोतवाल शिव शंकर सिंह सहित भारी पुलिस बल मौजूद रहा।
