तालाब में पैर फिसलने से 13 वर्षीय किशोर की डूबकर मौत, गांव में पसरा मातम

धारा लक्ष्य समाचार पत्र

रिपोर्टर रोहित मिश्रा रायबरेली

सलोन /रायबरेली। सलोन थाना क्षेत्र में शनिवार को एक दर्दनाक हादसे में 13 वर्षीय किशोर की तालाब में डूबने से मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया, वहीं गांव में शोक की लहर दौड़ गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, बड़ापुरवा मजरे नायन गांव निवासी रामशरन रैदास का 13 वर्षीय पुत्र शिवांश शनिवार को शाम करीब 5:30 बजे गांव के तालाब के पास शौच के लिए गया था। इसी दौरान अचानक उसका पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में जा गिरा। पानी में डूबने से उसकी दर्दनाक मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही सलोन पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से किशोर के शव को तालाब से बाहर निकलवाया। पुलिस ने शव का पंचायतनामा भरने की कार्रवाई शुरू कर दी है। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में शांति व्यवस्था कायम है।

Related posts