धारा लक्ष्य समाचार पत्र
रिपोर्टर रोहित मिश्रा रायबरेली
डलमऊ/ रायबरेली। राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर डलमऊ में पुलिस विभाग की ओर से भव्य रैली का आयोजन किया गया। रैली में थाना प्रभारी राघवन कुमार सिंह, क्षेत्राधिकारी गिरजा शंकर सहित बड़ी संख्या में पुलिसकर्मियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। इस दौरान पुलिसकर्मी हाथों में राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा और राष्ट्रीय एकता दिवस के बैनर लेकर पूरे उत्साह के साथ सड़कों पर निकले।
रैली के माध्यम से आमजन को देश की एकता, अखंडता, सामाजिक समरसता और आपसी भाईचारे का संदेश दिया गया। पुलिसकर्मियों ने लोगों को जागरूक करते हुए कहा कि देश की मजबूती और प्रगति के लिए आपसी सद्भाव, सहयोग और एकजुटता बेहद जरूरी है। अधिकारियों ने नागरिकों से जाति, धर्म और भेदभाव से ऊपर उठकर राष्ट्रीय एकता को मजबूत बनाने तथा समाज में शांति और सौहार्द बनाए रखने की अपील की।
इस दौरान पुलिस अधिकारियों ने राष्ट्रीय एकता दिवस के महत्व पर भी प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि देश की एकता और अखंडता बनाए रखना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। कार्यक्रम के दौरान पुलिसकर्मियों में विशेष उत्साह देखने को मिला। रैली के माध्यम से पुलिस विभाग ने आमजन को राष्ट्रहित में एकजुट रहने और भाईचारे की भावना को मजबूत करने का संदेश दिया।
