किराये की दुकान में छिपाकर रखा था 110 किलो अवैध पटाखों का जखीरा, एक गिरफ्तार।

ऊंचाहार पुलिस की छापेमारी में भारी मात्रा में आतिशबाजी सामग्री बरामद, बिना लाइसेंस हो रहा था भंडारण और बिक्री का खेल।

धारा लक्ष्य समाचार पत्र

रिपोर्टर रोहित मिश्रा रायबरेली

ऊंचाहार/रायबरेली। दीपावली और छठ पूजा के मद्देनजर जिले में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस अधीक्षक रवि कुमार के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत ऊंचाहार पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस टीम ने कस्बे में छापेमारी कर अवैध रूप से पटाखों का भंडारण एवं बिक्री करने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। उसके कब्जे से करीब 110 किलोग्राम अवैध आतिशबाजी सामग्री बरामद की गई है।

जानकारी के अनुसार, 1 नवंबर की रात ऊंचाहार पुलिस क्षेत्र में गश्त और संदिग्ध व्यक्तियों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि कस्बा ऊंचाहार निवासी विजय गुप्ता अपनी किराये की दुकान/गोदाम में बिना वैध लाइसेंस के पटाखों का भंडारण कर रहा है। सूचना पर पुलिस टीम ने मौके पर छापेमारी की तो वहां भारी मात्रा में अवैध पटाखे बरामद हुए।

पुलिस ने मौके से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।बरामद आतिशबाजी सामग्री में करीब 15.300 किलोग्राम सिंघाड़ा पटाखा, 33.300 किलोग्राम मुड्डा पटाखा, 17.500 किलोग्राम मुड्डा पटाखा, बड़े गोले और लाइट पटाखे शामिल हैं।पुलिस ने आरोपी विजय गुप्ता पुत्र मोहनलाल निवासी बस स्टेशन कस्बा ऊंचाहार के विरुद्ध मुकदमा अपराध संख्या 310/2026, धारा 5/9बी विस्फोटक अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

पुलिस की इस कार्रवाई से अवैध पटाखा कारोबारियों में हड़कंप मचा हुआ है।

Related posts