धारा लक्ष्य समाचार पत्र
रिपोर्टर रोहित मिश्रा रायबरेली
रायबरेली। तकिया चौराहे रायबरेली-अयोध्या हाईवे पर देर रात एक तेज रफ्तार बेकाबू डंपर ने जमकर तबाही मचा दी। डंपर अनियंत्रित होकर सड़क किनारे स्थित दर्जनों दुकानों में जा घुसा और उन्हें टक्कर मारते हुए बुरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया।
हादसे के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। दुकानों को भारी नुकसान पहुंचने की आशंका जताई जा रही है।मामला मिल एरिया थाना क्षेत्र के अयोध्या मार्ग हाईवे पर तकिया चौराहे के पास अमावां ब्लॉक के निकट का है। बताया जा रहा है कि देर रात डंपर चालक को अचानक नींद की झपकी आ गई, जिसके चलते वाहन अनियंत्रित हो गया। बेकाबू डंपर सड़क किनारे बनी दुकानों में जा घुसा।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि कई दुकानों के सामने के हिस्से क्षतिग्रस्त हो गए और सामान भी नुकसान की चपेट में आ गया।अचानक हुई इस घटना से आसपास के इलाके में हड़कंप मच गया। सुबह जब दुकानदारों ने अपनी दुकानों की हालत देखी तो उनके सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो गया। दुकानदारों को भारी आर्थिक नुकसान होने की आशंका है।
गनीमत रही कि हादसा देर रात हुआ, जिस समय अधिकांश दुकानें बंद थीं और आसपास लोगों की आवाजाही भी कम थी। यदि यही हादसा दिन में हुआ होता तो बड़ा जनहानि वाला हादसा हो सकता था। फिलहाल हादसे में हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है। घटना ने हाईवे किनारे स्थित दुकानों की सुरक्षा और भारी वाहनों की अनियंत्रित रफ्तार को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े कर दिए हैं।
