12 वर्षीय बेटी पिता के साथ गई थी बाजार, पीछे घर में उजड़ गया पूरा परिवार; घटना से इलाके में मचा हड़कंप
धारा लक्ष्य समाचार
अब्दुल मुईद, बाराबंकी। शहर के गांधी नगर मोहल्ले में एक ऐसी हृदय विदारक घटना सामने आई, जिसने हर किसी को झकझोर कर रख दिया। यहां एक महिला ने अपनी तीन मासूम बेटियों के साथ कथित तौर पर आत्महत्या कर ली। रेलवे लाइन पर चार शव मिलने की खबर फैलते ही इलाके में सनसनी मच गई। घटना के पीछे मानसिक तनाव और अवसाद की आशंका जताई जा रही है, हालांकि आत्महत्या के कारणों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
मृतकों की पहचान गांधी नगर, कोतवाली नगर निवासी किरण देवी पाल (39), उनकी जुड़वा बेटियों कनिष्का और अनुष्का (7) तथा छोटी बेटी काव्या (5) के रूप में हुई है। बताया जाता है कि किरण के पति राम तेजपाल कानपुर में वन विभाग में चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी हैं। परिवार मूल रूप से बहराइच जिले का रहने वाला है।
इस घटना का सबसे दर्दनाक पहलू यह है कि परिवार की 12 वर्षीय बेटी रिया घटना के वक्त अपने पिता के साथ बाजार गई हुई थी। उसे क्या पता था कि बाजार से लौटने पर उसकी जिंदगी पूरी तरह बदल चुकी होगी। घर में मां और तीनों छोटी बहनों की मौत की खबर ने परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया।
घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली नगर पुलिस मौके पर पहुंची और चारों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। प्रभारी निरीक्षक सुधीर कुमार सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। घटना ने पूरे मोहल्ले को गमगीन कर दिया।
फिलहाल सबसे बड़ा सवाल यही है कि आखिर किन परिस्थितियों में एक परिवार की खुशियां इस तरह मातम में बदल गईं। स्थानीय लोगों के अनुसार महिला अक्सर बीमार रहती थी जिसका इलाज चल रहा था, जिस कारण काफी तनाव में रहती थी।
