धारा लक्ष्य समाचार पत्र
रिपोर्टर रोहित मिश्रा रायबरेली
महराजगंज, रायबरेली। न्यू स्टैंडर्ड पब्लिक स्कूल, सलेथू में शनिवार को भारत के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू के जन्मदिवस के अवसर पर बाल दिवस हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथि रोहित एवं अनुज, विद्यालय के प्रधानाचार्य राजीव सिंह, उपप्रधानाचार्या रजनी श्रीवास्तव तथा न्यू स्टैंडर्ड कॉलेज ऑफ हायर एजुकेशन के प्रोफेसर डॉ. अरुण चौधरी ने पंडित जवाहरलाल नेहरू के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर किया।
इस अवसर पर प्रधानाचार्य राजीव सिंह ने बच्चों को बाल दिवस का महत्व बताते हुए शुभकामनाएं दीं। वहीं अतिथि रोहित ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि शिक्षा के साथ खेलकूद भी जीवन का अभिन्न अंग है। इससे बच्चों का शारीरिक एवं मानसिक विकास होता है।
खेल भावना के साथ पढ़ाई में भी मेहनत करने वाले विद्यार्थी अपने हर लक्ष्य को प्राप्त कर सकते हैं।कार्यक्रम में वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिताओं एवं पूरे वर्ष आयोजित विभिन्न गतिविधियों के विजेता छात्र-छात्राओं को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। नर्सरी, एलकेजी और यूकेजी के बच्चों ने सिंपल रेस, फ्रॉग रेस और जलेबी रेस में अपनी प्रतिभा दिखाई।
वहीं कक्षा एक एवं दो के विद्यार्थियों ने रिंग रेस, फ्रॉग रेस और सिंपल रेस में उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। कक्षा तीन से पांच तक के बच्चों ने चेयर रेस, थ्री बैलून रेस, स्पून रेस और सैक रेस में शानदार प्रदर्शन किया।
इसके अलावा गायन, नृत्य, पोस्टर-ड्राइंग और निबंध लेखन प्रतियोगिताओं के विजेताओं को भी सम्मानित किया गया। विद्यालय परिसर में बच्चों का उत्साह देखते ही बन रहा था।कार्यक्रम के समापन पर प्रधानाचार्य राजीव सिंह ने अतिथि रोहित एवं अनुज को प्रतीक चिह्न भेंट कर सम्मानित किया तथा सभी अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त किया। इस मौके पर विद्यालय के समस्त शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।
