बाल मेले में बच्चों ने दिखाई प्रतिभा, स्वादिष्ट व्यंजनों के स्टालों पर उमड़ी भीड़।

एसबीआई रेल कोच शाखा के प्रबंधक श्रेयांक मिश्रा ने फीता काटकर किया मेले का शुभारंभ, बोले- ऐसे आयोजन बच्चों में विकसित करते हैं व्यापारिक कौशल

रिपोर्टर रोहित मिश्रा रायबरेली

धारा लक्ष्य समाचार पत्र

बेला खारा, रायबरेली। बाल दिवस के अवसर पर सिद्धार्थ ज्ञानोदय इंटर कॉलेज, बेला खारा में शनिवार को भव्य बाल मेले का आयोजन किया गया। मेले में बच्चों ने उत्साह और उमंग के साथ प्रतिभाग करते हुए अपनी प्रतिभा, रचनात्मकता और व्यावहारिक कौशल का शानदार प्रदर्शन किया। विद्यालय परिसर बच्चों की चहल-पहल और आकर्षक स्टालों से गुलजार नजर आया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि भारतीय स्टेट बैंक की रेल कोच शाखा के प्रबंधक श्रेयांक मिश्रा रहे। वहीं विशिष्ट अतिथि के रूप में वरिष्ठ भाजपा नेता एवं समाजसेवी सुनील मौर्य, आशीष श्रीवास्तव तथा ग्रामीण बैंक के प्रबंधक रविकांत मौर्य उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि एवं अतिथियों ने पंडित जवाहरलाल नेहरू की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर एवं दीप प्रज्वलित करके किया। इसके बाद फीता काटकर बाल मेले का विधिवत उद्घाटन किया गया। मेले में बच्चों ने जलेबी, मोमोज, आलू की टिक्की और पानी के बताशे सहित विभिन्न व्यंजनों के आकर्षक स्टाल लगाए।

इसके अलावा मैजिक शो ने भी बच्चों और अतिथियों का खूब मनोरंजन किया।इस मौके पर मुख्य अतिथि श्रेयांक मिश्रा ने कहा कि बाल मेले जैसे आयोजन बच्चों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इससे बच्चों के भीतर व्यापारिक क्षमता, आत्मविश्वास, रचनात्मकता और आपसी सहयोग की भावना विकसित होती है।

किताबी ज्ञान के साथ इस तरह के व्यावहारिक अनुभव बच्चों के मानसिक विकास में भी सहायक होते हैं।कार्यक्रम के अंत में विद्यालय परिवार की ओर से अतिथियों का आभार व्यक्त किया गया। इस अवसर पर विद्यालय के संस्थापक ओमप्रकाश, संचालक अशोक, प्रधानाचार्य अनिल, मेला प्रभारी सर्वेश सर सहित समस्त शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं विद्यालय स्टाफ मौजूद रहा।

Related posts