डीएम की अध्यक्षता में बीएलओ और सुपरवाइजर्स को दिया गया प्रशिक्षण

विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण के तहत मतदाता सूची को त्रुटिरहित बनाने पर जोर, ईसीआईनेट और बीएलओ ऐप की दी गई जानकारी।

रिपोर्टर रोहित मिश्रा रायबरेली

धारा लक्ष्य समाचार पत्र

रायबरेली। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की निर्वाचक नामावलियों को शुद्ध, पारदर्शी एवं अद्यतन बनाने के उद्देश्य से सोमवार को राना बेनी माधव बक्श सिंह ऑडिटोरियम में बीएलओ एवं बीएलओ सुपरवाइजर्स का प्रशिक्षण आयोजित किया गया। जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी सरनीत कौर ब्रोका की अध्यक्षता में आयोजित प्रशिक्षण में निर्वाचन संबंधी महत्वपूर्ण दिशा-निर्देशों की जानकारी दी गई।

प्रशिक्षण के दौरान बीएलओ एवं सुपरवाइजर्स को विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत किए जाने वाले कार्यों, निर्वाचन अधिनियमों, नियमों, ईसीआईनेट (ECINET) एवं बीएलओ ऐप के उपयोग की विस्तृत जानकारी दी गई। साथ ही मतदाता सूची पुनरीक्षण के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों और उनकी जिम्मेदारियों के बारे में भी बताया गया।

जिलाधिकारी ने बताया कि अर्हता तिथि 01 जनवरी 2027 के आधार पर जनपद की सभी छह विधानसभा क्षेत्रों की निर्वाचक नामावलियों का विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कराया जा रहा है। इसके लिए सभी संबंधित कार्मिकों को चरणबद्ध तरीके से प्रशिक्षण दिया जा रहा है, जिससे निर्वाचन संबंधी कार्य समयबद्ध और त्रुटिरहित ढंग से संपन्न हो सकें।प्रशिक्षण कार्यक्रम तीन पालियों में आयोजित हुआ।

प्रथम पाली में हरचंदपुर एवं रायबरेली, द्वितीय पाली में सरेनी एवं ऊंचाहार तथा तृतीय पाली में बछरावां और सलोन विधानसभा क्षेत्रों के बीएलओ एवं सुपरवाइजर्स को प्रशिक्षण दिया गया।

डीएम ने कहा कि शुद्ध एवं अद्यतन मतदाता सूची स्वतंत्र और निष्पक्ष निर्वाचन की आधारशिला है। सभी कर्मचारी पूरी गंभीरता, पारदर्शिता एवं जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें और निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करें।

इस मौके पर उप जिलाधिकारी श्याममणि त्रिपाठी, जिला सूचना विज्ञान अधिकारी ब्रजेश तिवारी सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

Related posts