छठ पर्व को लेकर पुलिस-प्रशासन अलर्ट, एसपी ने राजघाट और शहीद स्मारक घाट का किया निरीक्षण

श्रद्धालुओं की सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन को लेकर अधिकारियों को दिए आवश्यक दिशा-निर्देश।

रिपोर्टर रोहित मिश्रा रायबरेली

धारा लक्ष्य समाचार पत्र

रायबरेली। लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा को लेकर जिला प्रशासन और पुलिस विभाग पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है। पर्व के दौरान घाटों पर उमड़ने वाली श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद करने की कवायद तेज कर दी गई है। इसी क्रम में सोमवार सुबह पुलिस अधीक्षक रवि कुमार ने पुलिस अधिकारियों के साथ शहर के राजघाट और शहीद स्मारक घाट का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान एसपी के साथ अपर पुलिस अधीक्षक पवन गौतम और सीओ सिटी आशीष निगम मौजूद रहे। अधिकारियों ने कोतवाली नगर क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले दोनों घाटों पर श्रद्धालुओं की सुरक्षा, भीड़ नियंत्रण, पुलिस बल की तैनाती और आवागमन की व्यवस्थाओं का बारीकी से निरीक्षण किया।

एसपी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि छठ पूजा के दौरान घाटों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित की जाए। भीड़भाड़ वाले स्थानों पर विशेष सतर्कता बरती जाए और श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न होने पाए।

साथ ही सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए।जिला प्रशासन और पुलिस विभाग की ओर से श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए आवश्यक इंतजाम किए गए हैं।

पुलिस अधिकारियों को पर्व के दौरान लगातार निगरानी बनाए रखने और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए मुस्तैद रहने को कहा गया है।

Related posts