हेलमेट और सीट बेल्ट के प्रति लोगों को किया जाएगा जागरूक, 30 नवंबर तक चलेगा अभियान।
रिपोर्टर रोहित मिश्रा रायबरेली
धारा लक्ष्य समाचार पत्र
रायबरेली। जनपद में सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से सोमवार 16 नवंबर से सड़क सुरक्षा पखवाड़े का शुभारंभ किया गया। परिवहन विभाग एवं रायबरेली पुलिस की ओर से आयोजित जागरूकता अभियान को आरटीओ प्रशासन अरविंद कुमार और अपर पुलिस अधीक्षक पवन गौतम ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।यह अभियान 16 नवंबर से 30 नवंबर तक चलाया जाएगा।
इस दौरान विभिन्न माध्यमों से वाहन चालकों और आम नागरिकों को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक किया जाएगा। अधिकारियों ने लोगों से दोपहिया वाहन चलाते समय अनिवार्य रूप से हेलमेट पहनने, चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट लगाने तथा निर्धारित गति सीमा का पालन करने की अपील की।
अधिकारियों ने कहा कि यातायात नियमों का पालन करके सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सकती है। थोड़ी सी लापरवाही न केवल वाहन चालक, बल्कि दूसरे लोगों के जीवन को भी खतरे में डाल सकती है। अभियान के माध्यम से लोगों को सुरक्षित यातायात के प्रति जागरूक करने का प्रयास किया जाएगा।
