कार्तिक पूर्णिमा स्नान के लिए बैलगाड़ियों से निकला श्रद्धालुओं का जत्था, पारंपरिक यात्रा बनी आकर्षण।

आस्था का अनूठा सफर, बैलगाड़ियों से डलमऊ रवाना हुआ श्रद्धालुओं का जत्था।

रिपोर्टर रोहित मिश्रा रायबरेली

धारा लक्ष्य समाचार पत्र

महराजगंज /रायबरेली। कार्तिक पूर्णिमा पर पवित्र स्नान के लिए रविवार शाम क्षेत्र के विभिन्न गांवों से श्रद्धालुओं का जत्था बैलगाड़ियों पर सवार होकर डलमऊ गंगा घाट के लिए रवाना हुआ बछरावां-लालगंज मार्ग सहित महराजगंज क्षेत्र से गुजरती बैलगाड़ियों की लंबी कतार ने लोगों का ध्यान आकर्षित किया।

श्रद्धालु ढोल-नगाड़ों और धार्मिक जयकारों के बीच उत्साहपूर्वक यात्रा पर निकले। बैलगाड़ियों पर सवार श्रद्धालुओं के साथ खान-पान और आवश्यक सामान की व्यवस्था भी रही। वर्षों पुरानी ग्रामीण परंपरा की झलक पेश करती बैलगाड़ियों का दृश्य कस्बे में आकर्षण का केंद्र बना रहा। लोगों में इस पारंपरिक यात्रा को देखने के लिए उत्सुकता दिखाई दी।

श्रद्धालुओं की सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर महराजगंज पुलिस भी सतर्क रही। प्रमुख चौराहों और मार्गों पर पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई, ताकि बैलगाड़ियों के आवागमन से जाम की स्थिति उत्पन्न न हो और श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

श्रद्धालुओं का जत्था सोमवार को यात्रा के दौरान विश्राम करेगा और मंगलवार को कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर डलमऊ गंगा घाट पहुंचकर पवित्र स्नान करेगा। इसके बाद सभी श्रद्धालु धार्मिक अनुष्ठान कर सकुशल अपने घरों की ओर लौटेंगे।बैलगाड़ियों पर निकली श्रद्धालुओं की यह यात्रा ग्रामीण संस्कृति, आस्था और पुरानी परंपराओं का जीवंत उदाहरण बनी।

Related posts