रिपोर्टर रोहित मिश्रा रायबरेली
धारा लक्ष्य समाचार पत्र
महराजगंज, रायबरेली। कोतवाली क्षेत्र के माझिगांव मजरे थरि गांव में सोमवार शाम एक युवक पर जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि पड़ोसी ने युवक को घर के अंदर बंद कर सरिया और कुल्हाड़ी से हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। चीख-पुकार सुनकर मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने किसी तरह उसे हमलावर के चंगुल से छुड़ाया और उपचार के लिए सीएचसी पहुंचाया।
हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
जानकारी के मुताबिक, माझिगांव मजरे थरि निवासी पुष्पेन्द्र के पिता संत प्रसाद गल्ला खरीदने का व्यवसाय करते हैं। बताया जा रहा है कि सोमवार शाम करीब चार बजे पुष्पेन्द्र पड़ोस में रहने वाले अंकुल यादव के घर पहुंचा था। इसी दौरान आरोप है कि अंकुल यादव ने उसे कमरे में बंद कर सरिया और कुल्हाड़ी से हमला कर दिया।
अचानक हुए हमले में पुष्पेन्द्र गंभीर रूप से घायल हो गया।युवक की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर जुट गए। ग्रामीणों ने किसी तरह घर के अंदर पहुंचकर घायल युवक को बाहर निकाला और निजी वाहन से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया।
चिकित्सक एसके राय के अनुसार, युवक के सिर और चेहरे पर गंभीर चोटें थीं तथा काफी रक्तस्राव हो रहा था। प्राथमिक उपचार के बाद उसकी हालत को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
वहीं, कोतवाली प्रभारी जगदीश यादव ने बताया कि घायल युवक का उपचार चल रहा है। मामले की जांच की जा रही है और आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
