महराजगंज-रायबरेली मार्ग पर दो बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत, युवक का पैर टूटा।

कैटरिंग के काम से जा रहे युवक की बाइक सामने से आ रही बाइक से टकराई, जिला अस्पताल रेफर।

रिपोर्टर रोहित मिश्रा रायबरेली

धारा लक्ष्य समाचार पत्र

महराजगंज/रायबरेली। महराजगंज-रायबरेली मार्ग पर सोमवार को फरीद ट्राली की दुकान के पास दो बाइकों की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे में एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि अन्य बाइक सवार बाल-बाल बच गए। घायल युवक का पैर फ्रैक्चर होने पर चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया।

जानकारी के अनुसार, मिल एरिया थाना क्षेत्र के कोडकरस बुजुर्ग निवासी तरुन, अंकित और अनूप दो बाइकों से कुसुढ़ी सागरपुर गांव में कैटरिंग के काम के लिए जा रहे थे। जैसे ही वे कस्बे से बाहर निकलकर महराजगंज-रायबरेली मार्ग पर फरीद ट्राली की दुकान के पास पहुंचे, तभी सामने से आ रही गांधी नगर निवासी शिवम की बाइक से तरुन की बाइक की जोरदार भिड़ंत हो गई।

टक्कर इतनी भीषण थी कि तरुन का पैर फ्रैक्चर हो गया और वह सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने तत्परता दिखाते हुए घायल युवक को अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी हालत को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया। फिलहाल जिला अस्पताल में घायल युवक का उपचार जारी है।

Related posts