Kashmir Terror Attack : दक्षिण कश्मीर के प्रसिद्ध पi स्थल पहलगाम में मंगलवार को आतंकियों ने एक कायराना हमला किया। इस अंधाधुंध गोलीबारी में 26 लोगों की जान चली गई, जिनमें दो विदेशी नागरिक भी शामिल हैं। इस जघन्य वारदात की पूरे देश में निंदा हो रही है। उन्नाव से भाजपा सांसद डॉ. साक्षी महाराज ने गहरा दुख जताते हुए कहा इन निर्दोष लोगों को धर्म और जाति पूछकर मारा गया? उन्होंने आतंकवाद के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। यह बयान उन्होंने उन्नाव के मोती नगर स्थित विशाल कॉन्टिनेंटल में आयोजित “एक राष्ट्र-एक चुनाव” व्यापारी संवाद कार्यक्रम के दौरान दिया। कार्यक्रम में सदर विधायक पंकज गुप्ता, जिलाध्यक्ष अनुराग अवस्थी, पूर्व जिलाध्यक्ष आनंद अवस्थी समेत कई सम्मानित जन उपस्थित रहे।
साक्षी महाराज ने कहा कि कुछ लोग 2047 तक ‘गजवा-ए-हिंद’ का सपना देख रहे हैं, जबकि प्रधानमंत्री मोदी 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का संकल्प ले चुके हैं। “एक राष्ट्र-एक चुनाव” की अवधारणा उसी दिशा में एक मजबूत कदम है, जिससे देश में बार-बार होने वाले चुनावों पर खर्च और समय की बर्बादी रोकी जा सके।

विधायक पंकज गुप्ता ने कहा कि पहले व्यापारी खुद को सुरक्षित रखने के लिए पैसा खर्च करते थे, आज उनके साथ सरकार खड़ी है। यह संवाद न सिर्फ व्यापारियों के लिए, बल्कि भारत के लोकतंत्र को सशक्त करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल मानी जा रही है।
