Barabanki:जिलाधिकारी और एसपी ने लोधेश्वर महादेव मंदिर का किया निरीक्षण

सावन मेले की तैयारियों को लेकर दिए सख्त निर्देश, सभी व्यवस्थाएं समय से पूर्ण करने के निर्देश, 11 जुलाई से प्रारंभ होगा मेला

धारा लक्ष्य समाचार

अब्दुल मुईद बाराबंकी। तहसील रामनगर स्थित ऐतिहासिक एवं श्रद्धा का केंद्र लोधेश्वर महादेव मंदिर में आगामी सावन मेले की तैयारियों का जायजा लेने सोमवार को जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी प्रशासनिक अधिकारियों के साथ पहुंचे। जिलाधिकारी ने मंदिर परिसर, अभरण सरोवर, बैरिकेडिंग, विद्युत व्यवस्था, साफ-सफाई, सोलर लाइट और पीने के पानी सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि 11 जुलाई से प्रारंभ होने वाले सावन मेले के लिए सभी तैयारियां समयबद्ध रूप से पूर्ण कर ली जाएं। उन्होंने साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए और लापरवाही बरतने पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो, यह सुनिश्चित करना सभी संबंधित विभागों की जिम्मेदारी है।

इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी अरुण कुमार सिंह, पुलिस अधीक्षक अर्पित विजयवर्गीय, अपर पुलिस अधीक्षक विकास चंद्र त्रिपाठी, क्षेत्राधिकारी गरिमा पंत, थाना प्रभारी रामनगर अनिल कुमार पांडे, चौकी प्रभारी महादेवा संतोष कुमार त्रिपाठी, नगर पंचायत अधिशासी अधिकारी अशोक कुमार खरवार, बाढ़ खंड अधिकारी शशिकांत सिंह, पीडब्ल्यूडी के अजीत पटेल, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अवधेश कुमार यादव, एसडीएम विवेकशील यादव, खंड विकास अधिकारी जितेंद्र कुमार समेत अन्य विभागों के अधिकारी और पुलिसकर्मी उपस्थित रहे।

जिलाधिकारी ने सभी विभागों को समन्वय के साथ कार्य करने और मेले को सुरक्षित व सफलतापूर्वक संपन्न कराने के निर्देश दिए। श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का आदेश भी दिया गया है।

Related posts