Barabanki UP: जिलाधिकारी की अध्यक्षता में हुआ संपूर्ण समाधान दिवस, जिलाधिकारी ने……..की

फीडबैक को मानक मानकर अधिकारी करें शिकायतों का निस्तारण : जिलाधिकारी

सम्पूर्ण समाधान दिवस में 74 शिकायतों का हुआ तत्काल निस्तारण, शेष शिकायतों का एक सप्ताह में निस्तारण करने के निर्देश

बाराबंकी, 18 अगस्त 2025।जिलाधिकारी  शशांक त्रिपाठी की अध्यक्षता में सोमवार को तहसील हैदरगढ़ में सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक अर्पित विजयवर्गीय, प्रशिक्षु आईएएस  तेजस के., उप जिलाधिकारी हैदरगढ़  राजेश कुमार विश्वकर्मा, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. अवधेश कुमार यादव सहित जिला एवं तहसील स्तरीय अधिकारीगण उपस्थित रहे।

सम्पूर्ण समाधान दिवस में जिलाधिकारी ने जनशिकायतों को सुनते हुए अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी समस्याओं का निस्तारण गंभीरता, पारदर्शिता और गुणवत्तापूर्ण तरीके से किया जाए। उन्होंने कहा कि अधिकारी शिकायतकर्ताओं से सहजता से संवाद करें और स्थलीय निरीक्षण कर शिकायतों का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करें। शिकायतों के निस्तारण के बाद शिकायतकर्ताओं से फोन पर फीडबैक लेकर यह भी सुनिश्चित किया जाए कि उन्हें समाधान से संतुष्टि मिली है या नहीं।जिलाधिकारी ने भूमि संबंधी मामलों, राशन कार्ड, आवास, पेंशन, चकमार्ग, रास्ते तथा नाली जैसी समस्याओं को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।

खतौनी में नाम आदि की त्रुटियों को भी शीघ्र सुधारने के लिए कहा। जिलाधिकारी द्वारा निम्नलिखित शिकायतकर्ताओं की समस्यायों का तत्काल निस्तारण कराया गया।

1. रामदेव पुत्र रामानंद निवासी बल्लूपुर मजरे दतौली चन्दा द्वारा अवरुद्ध दिव्यांग पेंशन दिलाये जाने के सम्बंध में प्रार्थना पत्र प्रस्तुत किया गया जिस पर जिलाधिकारी ने जिला दिव्यांग कल्याण अधिकारी को निर्देशित कर प्रकरण का निस्तारण मौके पर ही करवाया।

2. आवेदक धनंजय सिंह पुत्र शिव सरन सिंह द्वारा माँ की मृत्यु दुर्घटना में हो जाने के कारण किसान कल्याण दुर्घटना बीमा योजना के तहत लाभ दिलाये जाने हेतु प्रार्थना पत्र प्रस्तुत किया गया जिस पर जिलाधिकारी ने तहसीलदार को कार्यवाही हेतु निर्देशित किया जिस पर तहसीलदार द्वारा तत्काल अग्रिम कार्यवाही हेतु पत्रावली मुख्यालय प्रेषित करवाई गई।

3. शिकायतकर्ता भल्ल सिंह द्वारा ग्रामपंचायत के किसानों को यूरिया खाद दिलाये जाने के सम्बंध में प्रार्थना पत्र दिया गया जिसके सम्बन्ध में उपजिलाधिकारी हैदरगढ़ द्वारा समीपस्थ सोसाइटी से ग्रामवासियों को टोकन दिलाकर खाद उपलब्ध करवाई गई।

4. आवेदक अब्दुल कलाम निवासी मझियावा के प्रकरण में सम्बन्धित नायब तहसीलदार की अध्यक्षता में टीम गठित कर प्रकरण का तत्काल निस्तारण करवाने के निर्देश जिलाधिकारी द्वारा दिए गए।

बिना सूचना के अनुपस्थिति रहने पर एक का रोका वेतन

जिलाधिकारी की अध्यक्षता में आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस हैदरगढ़ में बिना किसी पूर्व सूचना के अनुपस्थिति सहायक अभियंता लघु सिंचाई का वेतन जिलाधिकारी ने अग्रिम आदेशो तक रोकने के आदेश के साथ ही उनसे दो दिवसों में स्पष्टीकरण भी मांगा है।

जनपद में समस्त तहसीलों में आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस के अन्तर्गत विभिन्न संदर्भों से संबंधित कुल 358 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए। जिसमें से मौके पर 74 शिकायतों का तत्काल निस्तारण कराया गया।

तहसील हैदरगढ़ में संपूर्ण समाधान दिवस में विभिन्न मामलों के 192 प्रार्थना प्राप्त हुए जिसमें से आज 47 प्रार्थना पत्रों का निस्तारण मौके पर किया गया शेष प्रार्थना पत्रों के समय से व गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए।

इसी क्रम तहसील फतेहपुर में उपजिलाधिकारी की अध्यक्षता में सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। जिसमें कुल 24 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुये। सम्पूर्ण समाधान दिवस में 05 प्रकरणों का तत्काल निस्तारण कराया गया।

इसी प्रकार तहसील सिरौलीगौसपुर में अपर जिलाधिकारी की अध्यक्षता में सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया, जिसमें राजस्व विभाग एवं तहसील स्तरीय अधिकारीगण उपस्थित रहें। सम्पूर्ण समाधान दिवस में कुल 21 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिसमें से 03 शिकायतों का तत्काल निस्तारण कराया गया।

तहसील रामनगर में जॉइंट मजिस्ट्रेट/ उपजिलाधिकारी की अध्यक्षता में सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। जिसमें विभिन्न संदर्भों से संबंधित कुल 39 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए। सम्पूर्ण समाधान दिवस में 05 शिकायतों का तत्काल निस्तारण कराया गया।

इसी क्रम में तहसील नवाबगंज में उप जिलाधिकारी की अध्यक्षता में सम्पूर्ण समाधान का आयोजन किया गया, जिसमें कुल 42 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए सम्पूर्ण समाधान दिवस में 10 शिकायतों का तत्काल मौके पर निस्तारण कराया गया।

इसी प्रकार तहसील रामसनेहीघाट में उपजिलाधिकारी की अध्यक्षता में सम्पूर्ण समाधान का आयोजन किया गया, जिसमें कुल 40 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए सम्पूर्ण समाधान दिवस में 04 शिकायतों का तत्काल मौके पर निस्तारण कराया गया।

Related posts