सनातन धर्म के प्रति युवाओं की निष्ठा को समर्पित ‘मनहर’ का विशेषांक
या धारा लक्ष्य समाचार पत्र
युवा धर्म संसद के लिए ‘विश्वासम्’ परिवार की पहल, ‘मनहर’ का विशेष अंक होगा प्रकाशित
डॉ. कुमार विश्वास के प्रशंसक ‘युवा धर्म संसद’ के लिए निकालेंगे ‘मनहर’ का विशेषांक
नई दिल्ली/लखनऊ
देश के जाने-माने कवि डॉ. कुमार विश्वास के प्रशंसकों के परिवार ‘विश्वासम्’ द्वारा प्रकाशित ‘मनहर’ पत्रिका का विशेष अंक, ‘वयोधा धर्मनिष्ठता विशेषांक’, “सेवाज्ञ संस्थानम्” द्वारा आयोजित युवा धर्म संसद में भाग लेने वाले युवाओं को समर्पित होगा। यह विशेष अंक सनातन धर्म और भारतीय संस्कृति के प्रति युवाओं की अटूट श्रद्धा और उनके संकल्प को मजबूत करने के उद्देश्य से तैयार किया गया है।
‘विश्वासम्’ परिवार प्रबंधन समिति की सदस्य डॉ. नीतू शर्मा ने कहा, “यह विशेषांक केवल एक पत्रिका नहीं, बल्कि सनातन धर्म के प्रति युवाओं की निष्ठा और उनके जोश का प्रतीक है। यह उन युवाओं को प्रेरित करेगा जो अपनी संस्कृति को जीवित रखने और विश्व मंच पर इसे गौरव प्रदान करने के लिए संकल्पबद्ध हैं।”
परिवार की सदस्य वृंदा ने बताया कि विश्वासम् परिवार के इस प्रयास का लक्ष्य उन युवाओं का साथ देना है जो सनातन धर्म और भारतीय संस्कृति के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को व्यक्त करना चाहते हैं। उन्होंने कहा, “हमारा उद्देश्य युवाओं को एक ऐसा मंच देना है जहां वे अपनी संस्कृति और धर्म के प्रति अपने विचारों को अभिव्यक्त कर सकें। ‘मनहर’ का यह विशेषांक उसी दिशा में एक कदम है।”
‘विश्वासम्’ परिवार प्रबंधन समिति की सदस्य वीणा ने इस पहल के महत्व पर जोर देते हुए कहा, “युवा धर्म संसद में उपस्थित प्रत्येक युवा सनातन धर्म की ज्योति को अपने भीतर जलाए रखता है। यह विशेषांक उन सभी को समर्पित है जो अपने कर्मों और विचारों से भारतीय संस्कृति को नई ऊर्जा दे रहे हैं।”
विश्वासम् परिवार प्रबंधन समिति के सदस्य अमर बाजपेई ने इस अवसर पर कहा, “ ‘मनहर’ पत्रिका का यह अंक एक संकल्प पत्र है। यह दर्शाता है कि भारत का युवा अपनी संस्कृति और धर्म के प्रति पूर्णतः समर्पित है। हम गर्व महसूस करते हैं कि विश्वासम् परिवार इस पुण्य कार्य का हिस्सा है।”
विश्वासम् परिवार के मीडिया प्रभारी अमन मिश्रा ने बताया, “ ‘मनहर’ का यह विशेषांक सनातन धर्म के प्रति युवाओं की निष्ठा को मजबूत करने और उन्हें प्रेरित करने का एक माध्यम है। इसमें संकलित लेख और विचार इस बात का प्रमाण हैं कि विश्वासम् परिवार और सेवाज्ञ संस्थानम् अपने लक्ष्य को जल्द ही प्राप्त करेगा।”
‘विश्वासम्’ परिवार, जो डॉ. कुमार विश्वास के प्रशंसकों का एक समर्पित समूह है, ‘मनहर’ पत्रिका के माध्यम से सनातन धर्म और भारतीय संस्कृति के प्रचार-प्रसार के लिए निरंतर कार्यरत है। यह विशेष अंक युवा धर्म संसद के मंच पर उपस्थित उन सभी युवाओं को समर्पित है जो अपने विचारों, कर्मों और संकल्पों के माध्यम से भारतीय संस्कृति को नया जीवन देने के लिए प्रतिबद्ध हैं। आपको बता दें कि तमिलनाडु के कांचीपुरम् में सेवाज्ञ संस्थानम् द्वारा 12 एवं 13 सितंबर को युवा धर्म संसद का आयोजन किया जाएगा।
देशभर के 24 राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों से 2,000 युवा, शिक्षक, शोधकर्ता और धर्माचार्य इस आयोजन में भाग लेंगे। अब तक चार युवा धर्म संसदों में 5,600 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया है, जो इसकी व्यापक स्वीकार्यता को दर्शाता है। काशी, अयोध्या, मथुरा और हरिद्वार में सफल आयोजनों के बाद, 2025 में काञ्चीपुरम् में यह आयोजन एक नया अध्याय जोड़ेगा।
इस आयोजन में पूज्य जगद्गुरु शंकराचार्य, श्रीमती सुधा मूर्ति, और श्री जे साईं दीपक जैसे प्रख्यात वक्ता शामिल होने की संभावना है। उद्घाटन और समापन सत्र में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ के भाग लेने की भी संभावना है। ये वक्ता और अतिथि युवाओं को धर्म, संस्कृति और राष्ट्र निर्माण के प्रति प्रेरित करेंगे।

