जिला रिपोर्टर रोहित मिश्रा रायबरेली
रायबरेली।ऊंचाहार अरखा-से प्रयागराज मार पर एक सूखा पेड़ राहगीरों के लिए जानलेवा साबित हो रहा है। सड़क किनारे खड़ा यह पेड़ अब पूरी तरह जर्जर होकर सड़क की ओर झुक गया है। कभी भी इसके गिरने से बड़ा हादसा होने की आशंका जताई जा रही है। ग्रामीणों ने बताया कि पेड़ की लकड़ी सूख चुकी है और इसकी डालियां लगातार टूटकर सड़क पर गिर रही हैं।
कई बार लोग बाल-बाल बचे हैं। इस संबंध में ग्रामीणों ने कई बार वन विभाग को लिखित और मौखिक शिकायत की, साथ ही पेड़ के मालिक को भी स्थिति से अवगत कराया गया, लेकिन आज तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। ग्रामीणों का कहना है कि यह मार्ग बेहद व्यस्त है, रोजाना सैकड़ों वाहन और पैदल यात्री यहां से गुजरते हैं। यदि पेड़ अचानक गिर गया तो जान-माल का भारी नुकसान हो सकता है।
लोगों ने प्रशासन और वन विभाग से तत्काल पेड़ को हटवाने की मांग की है। उनका कहना है कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो किसी भी दिन बड़ा हादसा हो सकता है और इसकी जिम्मेदारी संबंधित विभाग की होगी।

