जिला रिपोर्टर रोहित मिश्रा रायबरेली
रायबरेली। नसीराबाद थाना क्षेत्र के ग्राम पूरे विंध्या सिंह मजरे बिरनावां में बीती रात चार नकाबपोश बदमाशों ने महिला को बंधक बनाकर सोने-चाँदी के गहने लूट लिए। घटना से पूरे गांव में हड़कंप मच गया। जानकारी के अनुसार, पीड़िता शकुंतला पत्नी रामप्रसाद अपने बच्चों अमित और खुश्बू के साथ घर के बरामदे में सो रही थी। इसी दौरान छत पर खटखट की आवाज सुनाई दी।
बच्चे जब शोर मचाने लगे तो पीछे से आए दो नकाबपोश बदमाशों ने महिला को तख्त से बांध दिया और उसके मुंह में कपड़ा ठूंस दिया। बदमाशों ने उसके नाक की सोने की कील, गले का मंगलसूत्र और पांव से चांदी की पायल व बिछिया उतरवा ली।गांव के लोग लाठी-डंडे लेकर मौके पर पहुंचे तो बदमाश गहनों समेत फरार हो गए। ग्रामीणों ने महिला को खोलकर मुक्त कराया। बताया जा रहा है कि पीड़िता का पति गुड़गांव में प्राइवेट नौकरी करता है।
सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। कार्यवाहक थाना प्रभारी राजीव कुमार यादव, सीओ सलोन यदुवेंद्र बहादुर सिंह और एसओजी टीम ने घटनास्थल की जांच की और ग्रामीणों से पूछताछ की। पुलिस ने शकुंतला की तहरीर पर चार अज्ञात बदमाशों के खिलाफ लूट का मुकदमा दर्ज कर विवेचना उपनिरीक्षक गौरव को सौंप दी है।

