दिनदहाड़े महिला से हुई लूट की घटना से ग्रामीणों में दहशत
धारा लक्ष्य समाचार पत्र
अमेठी। जिले के अमेठी थाना क्षेत्र के डेड़पासर के जमालपट्टी गांव में मंगलवार शाम करीब 5 बजे उस समय सनसनी फैल गई जब बदमाशों ने घर में अकेली महिला को बंधक बनाकर लूटपाट की। बताया जा रहा है कि शाम करीब पांच बजे लवकुश यादव की पत्नी पुष्पा घर पर अकेली थीं। उनके पति किसी काम से हथकिला गए थे और मां पशुओं को चराने बाहर गई थीं।
इसी बीच दो युवक अचानक घर में घुस आए। आरोप है कि बदमाशों ने महिला का मुंह दबाकर गले पर चाकू रख दिया और विरोध करने पर उसकी बेरहमी से पिटाई की। इसके बाद बदमाश अलमारी और बक्से का ताला तोड़कर गहने व कीमती सामान समेट ले गए। इतना ही नहीं, महिला के शरीर पर पहने गहने भी उतरवा लिए।
घटना की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक दोनों आरोपी फरार हो चुके थे। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू कर दी। परिजनों ने घायल महिला को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया।
गांव के लोगों ने बताया कि जुलाई महीने में भी इसी घर में चोरी हुई थी, जिसकी रिपोर्ट दर्ज नहीं हुई थी। लगातार घटनाओं से ग्रामीणों में आक्रोश और दहशत का माहौल है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही बदमाशों को पकड़ लिया जाएगा।

