Amethi UP: मूर्ति स्थापना को लेकर मोहम्मदपुर में मारपीट, दर्जनों लोग घायल

गूलर का पेड़ काटने को लेकर उठा विवाद, पुलिस ने संभाले हालात

धारा लक्ष्य समाचार पत्र

जगदीशपुर/अमेठी। जिले के जगदीशपुर कोतवाली क्षेत्र के मोहम्मदपुर गांव में सोमवार सुबह मूर्ति स्थापना के दौरान गूलर का पेड़ काटने को लेकर दो पक्ष आमने-सामने आ गए। विवाद बढ़ते-बढ़ते मारपीट में बदल गया। लाठी-डंडों से हुई झड़प में दोनों ओर से एक दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने हालात काबू में किए और घायलों को एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) जगदीशपुर भेजा, जहां उनका इलाज चल रहा है।

गूलर का पेड़ बना विवाद की जड़

कोतवाली प्रभारी निरीक्षक धीरेन्द्र यादव ने बताया कि मंदिर परिसर में मौजूद गूलर के पेड़ को हटाने पर विवाद हुआ। एक पक्ष पेड़ काटने के पक्ष में था, जबकि दूसरा इसका विरोध कर रहा था। इसी मुद्दे पर कहासुनी बढ़ी और देखते ही देखते मामला हिंसक झड़प में बदल गया।

 घायलों की सूची

पहले पक्ष से अमित सरोज (20), गया बक्स सिंह (40), तेज बहादुर सिंह (73), अनीत सिंह (30) और मंगल सरोज (60) घायल हुए। वहीं, दूसरे पक्ष से जगप्रसाद यादव (60), दिनेश यादव (40), दुर्गेश यादव (35), धर्मेंद्र यादव (26), यशवंत यादव (20), श्रावण यादव (21) और समीर यादव (26) को चोटें आईं। डॉक्टरों के अनुसार सभी घायलों की हालत खतरे से बाहर है।

पुलिस की सख़्ती

सूचना मिलते ही इंस्पेक्टर धीरेन्द्र यादव पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और दोनों पक्षों को शांत कराया। गांव में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। पुलिस का कहना है कि शांति भंग करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

गांव में तनाव

घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते पुलिस नहीं पहुंचती तो स्थिति और गंभीर हो सकती थी। वहीं बुजुर्गों ने प्रशासन से अपील की है कि दोनों पक्षों को आपसी बातचीत से शांत कराया जाए, ताकि गांव का माहौल सौहार्दपूर्ण बना रहे।

Related posts