Amethi UP: विद्यालय के बच्चों के द्वारा हर दिन की जा रही है नई नई मनमोहक गतिविधियां

धारा लक्ष्य समाचार पत्र

संग्रामपुर/अमेठी। शिक्षा क्षेत्र संग्रामपुर में खंड शिक्षा अधिकारी शशांक कुमार मिश्र के नूतन प्रयास से आज की गतिविधि कार्यक्रम का संचालन विगत दो माह से निरंतर प्रगति पर है। खेल-खेल में शिक्षा का यह अभियान बच्चों और शिक्षकों में चर्चा का विषय बना हुआ है। जहां बच्चे ज्ञानप्रद गतिविधियां प्रस्तुत कर रहे हैं वहीं सोशल मीडिया में भी इन गतिविधियों का प्रचार प्रसार हो रहा है।

इसी क्रम में आज कंपोजिट विद्यालय बेलखरी में प्रधानाध्यापक डॉक्टर प्रेम कुमारी मिश्रा के नेतृत्व में विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया गया। बच्चों ने सर्वप्रथम प्रार्थना सभा में नवाचार के अंतर्गत संगीतमय व्यायाम किया। छात्र दीपराज के द्वारा यह आनंददायी गतिविधि कराई गई। जिसमें बच्चों को बहुत आनंद आया। प्रार्थना सभा में ही अपने देश के बारे में सामान्य ज्ञान पर छात्र अर्पित और आकाश के द्वारा सभी बच्चों के साथ ज्ञानवर्धक प्रश्नोत्तरी कराई गई।

स्वच्छता अभियान के अंतर्गत छोटे बच्चों ने हाथ धोने के साथ नियमों की जानकारी देकर सभी को जागरूक किया। इस गतिविधि में यह दर्शाया गया कि हाथ धोते समय सात तरीके से हाथ धोना चाहिए। जिससे हाथ में किसी भी प्रकार के कीटाणु रह जाने की संभावना समाप्त हो जाएगी। इस गतिविधि में महक, शिवांश, दुर्गा, सक्षम अनमोल, नीलम और सुनैना आदि बच्चों ने प्रतिभागा किया। विद्यालय के शिक्षक पूर्व एआरपी आशुतोष मिश्र के द्वारा स्वच्छता पर कविता स्वच्छ रहेगा भारत सारा बच्चों के साथ प्रस्तुत की गई।

संस्कृत भाषा के अंतर्गत बच्चों ने विभिन्न संबंधों, मिठाइयों आदि के नाम संस्कृत में सीखें। तत्सम – तद्भव शब्दों के ज्ञान की गतिविधि भी बच्चों ने प्रस्तुत किया। इन गतिविधियों में आकाश, अर्पित, सरस और श्रेया ने प्रतिभाग किया। गतिविधियों के प्रस्तुतीकरण में विद्यालय के शिक्षक दुर्गा शंकर शुक्ल, बड़े लाल वर्मा, आशुतोष मिश्र, पवन सोनी एवं ऋचा पांडेय ने बच्चों को मार्गदर्शित किया।

Related posts