Amethi UP: किसान जिलाध्यक्ष दर्जनों किसानों के साथ बैठे आमरण अनशन पर

धारा लक्ष्य समाचार पत्र

अमेठी। जिले के कोतवाली अमेठी क्षेत्र के गंगौली गांव में ग्राम पंचायत की सुरक्षित भूमि पर अतिक्रमण और विकास कार्यों में अनियमितता के खिलाफ पिछले एक सप्ताह से चल रहे अनिश्चितकालीन धरने के बाद अब ग्रामीणों ने आमरण अनशन शुरू कर दिया गया है। जानकारी के मुताबिक, बीते रविवार से ग्रामीण भारतीय किसान यूनियन के जिलाध्यक्ष राजकुमार पांडेय के नेतृत्व में धरना प्रदर्शन कर रहे हैं।

ग्रामीणों का आरोप है कि पूर्व प्रधान ने ग्राम पंचायत की भूमि पर कब्जा कर उसे अपने परिवारीजनों के नाम पर बैनामा करा लिया। जबकि इस जमीन के पट्टे की कार्रवाई पर एडीएम ने पहले ही रोक लगा दी थी। ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया कि गांव के तीन तालाबों की भूमि पर भी प्रधान और उसके परिजनों ने अतिक्रमण किया है।

शिकायत करने पर राजस्व विभाग द्वारा गलत रिपोर्ट लगाई जाती है, जबकि मौके पर स्पष्ट कब्जा देखा जा सकता है। ग्रामीणों ने बताया कि पूर्व प्रधान ने एक संपर्क मार्ग बनवाकर उसका भुगतान तो करा लिया, लेकिन बाद में उसी मार्ग पर कब्जा कर उसे अपने खेत में मिला लिया, जिससे अब मार्ग का अस्तित्व समाप्त हो गया है।

जिलाध्यक्ष राजकुमार पांडेय ने कहा कि, “प्रशासन अनियमितता करने वालों के साथ मिला हुआ है, इसलिए कोई कार्रवाई नहीं हो रही। अब जब तक हमारी शिकायत पर निष्पक्ष कार्रवाई नहीं होती, हम आमरण अनशन जारी रखेंगे।”

इस मौके पर प्रेम शंकर द्विवेदी, ज्ञानेंद्र सिंह, विजय शंकर द्विवेदी, गायत्री वर्मा, नीरज मिश्रा, रमेश यादव, आनंद यादव, विनोद यादव, दद्दन यादव, बेचू, रामदेव, राहुल मिश्रा, अजय सिंह, संतोष यादव, सचिन, बादशाह, इंद्रजीत यादव, राजमणि यादव, चंद्र भवन, समीर, लल्लन यादव, राजदेव यादव, पंकज यादव, द्वारिका यादव सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

Related posts