जिला रिपोर्टर रोहित मिश्रा रायबरेली
रायबरेली।सलोन कोतवाली क्षेत्र के जौदहा गांव में नौटंकी देखने आए युवकों को ग्रामीणों ने चोर समझकर बुरी तरह पीट दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को इलाज के लिए सीएचसी भिजवाया। मामले की जांच में सामने आया कि नौटंकी देखने पहुंचे युवकों के साथ आयोजकों व ग्रामीणों ने मिलकर मारपीट की थी।
पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार अभियुक्तों में शेरबहादुर, बबलू, मुकेश सरोज, धीरज कुमार और विनोद कुमार शामिल हैं। सभी आरोपी ग्राम जौदहा, के निवासी हैं। थाना सलोन पुलिस ने बताया कि मारपीट की घटना के बाद माहौल तनावपूर्ण हो सकता था,
लेकिन पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए स्थिति पर काबू पा लिया और मौके पर शांति व्यवस्था बहाल कर दी। आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उन्हें न्यायालय भेजा गया है। यह घटना एक बार फिर भीड़ द्वारा कानून हाथ में लेने की मानसिकता पर सवाल खड़े करती है।
पुलिस ने ग्रामीणों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध घटना की सूचना तुरंत 112 नंबर या थाने पर दें, कानून अपने हाथ में न लें।

