Amethi UP: नीलगाय से टकराई कार, बड़ा हादसा टला,चालक व सवार बाल-बाल बचे

धारा लक्ष्य समाचार पत्र

शुकुल बाजार/अमेठी। स्थानीय थाना क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम पंचायत बूबूपुर के लाला पुरवा गांव के पास सोमवार की देर रात एक बड़ा हादसा टल गया। जब एक कार अचानक सड़क पर आए नीलगाय से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गड्ढे में जा गिरी।

कार चालक गुड्डू तिवारी (35 वर्ष) पुत्र रामरूप तिवारी, निवासी बक्चामऊ थाना बाजार शुकुल, अपने बहनोई अशोक मिश्रा (50 वर्ष) पुत्र केशव दत्त, निवासी सोइना थाना सुबेहा जनपद बाराबंकी, के साथ शुकुल बाजार कस्बे से सामान लेकर अपने घर बक्चामऊ जा रहे थे।

रास्ते में अचानक सड़क पार करती नीलगाय से उनकी कार टकरा गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों की मदद से दोनों घायलों को 108 एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र शुकुल बाजार पहुंचाया गया।

चिकित्सकों ने बताया कि चालक गुड्डू तिवारी को मामूली चोटें आई हैं और उनका प्राथमिक उपचार चल रहा है। जबकि अशोक मिश्रा की हालत गंभीर होने पर उन्हें जिला अस्पताल गौरीगंज रेफर किया गया।

ग्रामीणों का कहना है कि इस क्षेत्र में नीलगायों की संख्या काफी बढ़ गई है, जिससे आए दिन सड़क दुर्घटनाएं हो रही हैं। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से इस दिशा में ठोस कदम उठाने की मांग की है।

Related posts