Amethi UP: स्वदेशी मेला अमेठी में छठे दिन भी रही खरीदारी की धूम।

दीपावली के अवसर पर देशी उत्पादों की बढ़ी मांग, सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने मोहा मन।

अमेठी, 14 अक्टूबर 2025। पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय, गौरीगंज, अमेठी के परिसर में आयोजित स्वदेशी मेला के छठे दिन भी जनसामान्य ने बढ़-चढ़कर स्वदेशी उत्पादों की खरीददारी की। दीपावली पर्व के निकट आते ही मेले में रौनक और बढ़ गई है। मेले में लोगों ने मिट्टी के दीपक व अन्य उत्पाद, पारंपरिक कपड़े, हैंडीक्राफ्ट, आर्टिफिशियल ज्वैलरी, इत्र और घरेलू उपयोग की वस्तुओं की खूब खरीददारी की।

स्थानीय कारीगरों द्वारा बनाए गए हस्तशिल्प और स्वदेशी उत्पादों में लोगों की विशेष रुचि देखी गई। आज के कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण सांस्कृतिक विभाग द्वारा आयोजित सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ रहीं। कलाकारों ने आल्हा, भजन और कीर्तन जैसी लोकधार्मिक प्रस्तुतियों से दर्शकों का मन मोह लिया।

ग्रामीण क्षेत्रों से आए श्रोताओं ने इन प्रस्तुतियों की जमकर सराहना की और कलाकारों को उत्साहवर्धन किया। उपायुक्त उद्योग दिनेश कुमार चौरसिया ने बताया कि मेला के सातवें दिन, अर्थात् 15 अक्टूबर 2025 को ग्रामीण आजीविका मिशन (NRLM) एवं आईसीडीएस विभाग की ओर से विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इन कार्यक्रमों में स्वयं सहायता समूहों के संचालन, मिशन शक्ति और महिला सशक्तिकरण से संबंधित विषयों पर जागरूकता बढ़ाई जाएगी।

इसके अतिरिक्त सांस्कृतिक कलाकारों द्वारा अपराह्न 1:00 बजे नुक्कड़ नाटक के माध्यम से महिला उद्यमिता एवं सशक्त नारी की भूमिका पर विशेष प्रस्तुति दी जाएगी। मेले में प्रत्येक दिन स्थानीय उत्पादों के साथ-साथ सांस्कृतिक गतिविधियों की प्रस्तुति से न केवल आमजन का मनोरंजन हो रहा है, बल्कि “वोकल फॉर लोकल” की भावना को भी नई ऊर्जा मिल रही है।

Related posts