विद्यालयों में छात्राओं ने लोकतांत्रिक प्रक्रिया का किया अनुकरण, बाल मंत्रीमंडल का हुआ गठन।
अमेठी। मिशन शक्ति 5.0 के अंतर्गत जनपद अमेठी में आज दिनांक 15 अक्टूबर 2025 को बेसिक शिक्षा विभाग के विभिन्न विद्यालयों में महिला बाल संसद कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया। इस अवसर पर जनपद के प्राथमिक, उच्च प्राथमिक, कंपोजिट विद्यालयों तथा कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
विशेष रूप से कंपोजिट विद्यालय बेलखौर में बाल संसद के गठन की संपूर्ण प्रक्रिया — नामांकन, मतदान, मतगणना एवं परिणाम घोषणा — लोकतांत्रिक तरीके से सम्पन्न की गई। इसके पश्चात नव निर्वाचित बाल मंत्रीमंडल का गठन किया गया और बाल मंत्रियों को उनके दायित्वों एवं कार्यों की जानकारी दी गई।
इस दौरान विद्यालय संचालन में सहभागिता के महत्व पर भी चर्चा की गई। इसी प्रकार पीएम श्री विद्यालय सुजानपुर गौरीगंज, प्राथमिक विद्यालय सराय हेतम (जगदीशपुर), कंपोजिट विद्यालय सिंहपुर, प्राथमिक विद्यालय अन्नी बैजल एवं उच्च प्राथमिक विद्यालय सरवन बहादुरपुर में भी बाल संसद की बैठकों का आयोजन किया गया।
इन कार्यक्रमों में छात्र-छात्राओं ने लोकतांत्रिक प्रक्रिया का अनुकरण करते हुए अपनी नेतृत्व क्षमता, निर्णय कौशल एवं आत्मविश्वास का प्रदर्शन किया। अध्यापकों ने बताया कि बाल संसद के माध्यम से विद्यार्थियों में नेतृत्व गुण, आत्मविश्वास और निर्णय क्षमता का विकास होता है, जो उन्हें भविष्य में जिम्मेदार नागरिक बनने की दिशा में प्रेरित करता है।

